हरियाणा का विशेष किसानों की कठिनाइयों पर केंद्रित हो:चौटाला

Ads

हरियाणा का विशेष किसानों की कठिनाइयों पर केंद्रित हो:चौटाला

  •  
  • Publish Date - April 23, 2026 / 08:19 PM IST,
    Updated On - April 23, 2026 / 08:19 PM IST

चंडीगढ़, 23 अप्रैल (भाषा) इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के प्रमुख अभय सिंह चौटाला ने बृहस्पतिवार को कहा कि यदि हरियाणा में विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र बुलाया जाना है, तो यह विपक्षी दलों के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाने के लिए नहीं, बल्कि ‘‘किसानों द्वारा सामना की जा रही कठिनाइयों’’ को दूर करने के लिए होना चाहिए।

उन्होंने दावा किया कि सरकार द्वारा गेहूं की खरीद पर कई नई शर्तें लागू की गई हैं, जिनमें मंडियों में बायोमेट्रिक सत्यापन भी शामिल है, जिससे किसानों को अत्यधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

चौटाला ने कहा कि उनकी पार्टी ने मंडियों में अपने कार्यकर्ताओं को तैनात किया है ताकि किसानों की शिकायतों के निवारण में सहायता की जा सके।

उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमने सरकार से बायोमेट्रिक सत्यापन सहित इन नई शर्तों को लागू न करने का आग्रह किया था। हालांकि, सरकार ने बायोमेट्रिक सत्यापन को अनिवार्य कर दिया। इससे किसानों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा है।’’

हरियाणा में 27 अप्रैल को विधानसभा के एक दिवसीय विशेष सत्र से संबंधित एक प्रश्न के उत्तर में चौटाला ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके पास विपक्ष के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाने का समय तो है, लेकिन किसानों के लिए समय नहीं है।

भाषा शफीक माधव

माधव