कटनी। Katni News: मानव तस्करी के संदेह में एक सप्ताह पहले ट्रेन से उतारे गए 162 बच्चों को अब वापस बिहार भेजने की तैयारी शुरू हो गई है। प्रशासन ने सभी बच्चों को उनके गृह राज्य भेजने की प्रक्रिया तेज कर दी है, जहां उन्हें बाल कल्याण समिति (CWC) के सुपुर्द किया जाएगा।
Katni News: जानकारी के अनुसार, आज सभी बच्चों को वापस भेजा जाना था, लेकिन स्पेशल ट्रेन के लेट होने के कारण उन्हें नहीं भेजा जा सका। उन्हें बाल गृह में रखा गया था। अब नई व्यवस्था के तहत सभी बच्चों को तड़के सुबह 4 बजे के बाद ट्रेन से बिहार रवाना किया जाएगा। इससे पहले कुछ बच्चों को जबलपुर से भेजा जा चुका है, जबकि शेष बच्चों को कटनी से भेजने की तैयारी पूरी कर ली गई है।
गौरतलब है कि एक सप्ताह पहले पटना-पुणे एक्सप्रेस से इन बच्चों को कटनी स्टेशन पर उतारा गया था। प्रारंभिक जांच में मानव तस्करी की आशंका जताई गई थी। बताया गया था कि बच्चों को महाराष्ट्र के लातूर स्थित एक मदरसे में ले जाया जा रहा था। प्रशासन का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। बिहार पहुंचने के बाद उन्हें संबंधित जिलों की बाल कल्याण समिति के सुपुर्द किया जाएगा