केरल में उष्ण लहर का प्रकोप बढ़ा, आईएमडी ने ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया

Ads

केरल में उष्ण लहर का प्रकोप बढ़ा, आईएमडी ने ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया

  •  
  • Publish Date - April 23, 2026 / 07:48 PM IST,
    Updated On - April 23, 2026 / 07:48 PM IST

तिरुवनंतपुरम, 23 अप्रैल (भाषा) भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने केरल के कुछ हिस्सों में उष्ण लहर संबंधी चेतावनी देते हुए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है।

इस संबंध में जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बृहस्पतिवार और शुक्रवार को कोल्लम, त्रिशूर और पलक्कड़ जिलों के कुछ इलाकों में उष्ण लहर की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, 23 और 24 अप्रैल को पलक्कड़ में अधिकतम तापमान लगभग 41 डिग्री सेल्सियस, कोल्लम और त्रिशूर में 40 डिग्री सेल्सियस तथा कोट्टायम, पथनमथिट्टा, एर्नाकुलम और कोझिकोड में लगभग 38 डिग्री सेल्सियस होने की उम्मीद है, जो सामान्य से चार से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक है।

अलप्पुझा, मलप्पुरम, कन्नूर और कासरगोड सहित अन्य जिलों में अधिकतम तापमान लगभग 37 डिग्री सेल्सियस रह सकता है, जबकि तिरुवनंतपुरम में इसके लगभग 36 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

आईएमडी ने 23 से 26 अप्रैल के बीच पहाड़ी क्षेत्रों को छोड़कर राज्य भर में गर्मी और उमस की स्थिति बने रहने की चेतावनी दी है।

केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने स्थिति को देखते हुए, विशेष रूप से शिक्षा विभाग के लिए सख्त दिशानिर्देश जारी किए हैं।

निर्देश में कहा गया कि इस दौरान निजी स्कूलों सहित सभी विद्यालयों में ग्रीष्मकालीन कक्षाएं, कैम्प व अन्य छात्र गतिविधियां निलंबित कर दी गई हैं।

मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन ने भी राज्य भर में बढ़ते तापमान की वजह से लोगों से अत्यधिक सावधानी बरतने का आग्रह किया।

उन्होंने तैयारियों पर जोर देते हुए कहा कि दिन में काम के घंटे कम कर दिए गए हैं तथा अधिक गर्मी के दौरान रोजगार गारंटी कार्य रोक दिए गए हैं।

भाषा नेत्रपाल

नेत्रपाल