हिमाचल प्रदेश के सिरमौर में भारी बारिश, पांवटा में आज बंद रहेंगे स्कूल
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर में भारी बारिश, पांवटा में आज बंद रहेंगे स्कूल
नाहन (हिप्र), 10 जुलाई (भाषा) हिमाचल प्रदेश में पिछले 36 घंटों से लगातार हो रही मूसलाधार मानसूनी बारिश ने सिरमौर जिले के कई हिस्सों में भारी तबाही मचा दी है और स्थिति को देखते हुए पांवटा प्रशासन ने शुक्रवार को सभी शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित कर दिया है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ है। अब तक किसी जनहानि की सूचना नहीं है लेकिन बृहस्पतिवार देर शाम शिलाई क्षेत्र के पास एक बैल के गहरी खाई में गिरने से उसकी मौत हो गई।
सिरमौर की प्रमुख नदियां टोंस, यमुना, बाटा, गिरि और मार्कंडा तथा दर्जनों छोटे-छोटे नाले उफान पर हैं। प्रशासन ने लोगों को इन नदियों और नालों से दूर रहने की सलाह दी है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा भारी बारिश और बादल गरजने का अलर्ट जारी किए जाने के मद्देनजर सिरमौर जिले के पांवटा के उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) द्विज गोयल ने शुक्रवार को उपमंडल के सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित किया है।
बृहस्पतिवार देर रात जारी आदेशों के अनुसार, शुक्रवार को उपमंडल के सभी सरकारी एवं निजी स्कूल, आंगनवाड़ी केंद्र, बाल वाटिकाएं तथा अन्य सभी शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे।
बहरहाल, इन संस्थानों के प्रमुख और कर्मचारी सक्षम प्राधिकारी के निर्देशानुसार प्रशासनिक तथा आपातकालीन कार्यों के लिए उपलब्ध रहेंगे।
बारिश का असर जिले के सड़क यातायात पर भी पड़ा है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अनुसार, जिले में कुल 34 सड़कें बंद हैं। इनमें शिलाई उपमंडल की 21 सड़कें, संगड़ाह की आठ, नाहन की चार और राजगढ़ की एक सड़क शामिल है।
भाषा गोला सिम्मी
सिम्मी

Facebook


