तमिलनाडु में भारी बारिश, कई जिलों के स्कूलों में अवकाश घोषित

तमिलनाडु में भारी बारिश, कई जिलों के स्कूलों में अवकाश घोषित

तमिलनाडु में भारी बारिश, कई जिलों के स्कूलों में अवकाश घोषित
Modified Date: November 14, 2023 / 04:28 pm IST
Published Date: November 14, 2023 4:21 pm IST

चेन्नई, 14 नवंबर (भाषा) तमिलनाडु के तटीय एवं अंदरूनी जिलों में हुई भारी बारिश के बाद राज्य के कई जिलों के प्राधिकारियों ने मंगलवार को विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया।

उत्तर-पूर्वी मानसून के कारण राज्य में भारी बारिश की संभावना है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने तमिलनाडु और पुडुचेरी के तटीय क्षेत्रों और कराईकल में 14 नवंबर को कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है।

आईएमडी ने बताया कि अगले 24 घंटे में दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण बनने के कारण दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।

इसके पश्चिम-उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ने और 16 नवंबर के आस-पास पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी पर एक दबाव के रूप में केंद्रित होने का अनुमान है।

विभाग ने बताया कि जिलों में लगातार हो रही बारिश के कारण अधिकारियों को अरियालुर, तंजावुर, विल्लुपुरम, तिरुवन्नामलाई, नागपट्टिनम, तिरुवरूर और कुड्डालोर जिलों में विद्यालयों में छुट्टी घोषित करनी पड़ी।

पूर्वानुमान में कहा गया है कि चेन्नई समेत कम से कम 15 जिलों में मंगलवार को भारी बारिश होने का अनुमान है।

पुडुचेरी में आज भी बारिश जारी है, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। बारिश की वजह से सड़कों पर कुछ ही वाहन नजर आ रहे हैं।

पुडुचेरी के गृह मंत्री ए. नमस्सिवयम ने कहा कि तूफानी मौसम और रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण आज पुडुचेरी और कराईकल क्षेत्रों में सभी स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि पुडुचेरी क्षेत्र में मंगलवार को सुबह साढ़े आठ बजे तक 12 सेमी बारिश दर्ज की गई।

पुडुचेरी के मत्स्य पालन और मछुआरा कल्याण विभाग के एक प्रवक्ता ने एक विज्ञप्ति में कहा कि मछुआरों को खराब मौसम के कारण मंगलवार से दो दिनों तक समुद्र में न जाने के लिए कहा गया है।

प्रवक्ता ने कहा कि आईएमडी ने इस संबंध में एक परामर्श भी जारी किया है।

भाषा साजन मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में

"दीपक दिल्लीवार, एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें मीडिया इंडस्ट्री में करीब 10 साल का एक्सपीरिएंस है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत एक ऑनलाइन समाचार वेबसाइट से की थी, जहां उन्होंने राजनीति, खेल, ऑटो, मनोरंजन टेक और बिजनेस समेत कई सेक्शन में काम किया। इन्हें राजनीति, खेल, मनोरंजगन, टेक्नोलॉजी, ऑटोमोबाइल और बिजनेस से जुड़ी काफी न्यूज लिखना, पढ़ना काफी पसंद है। इन्होंने इन सभी सेक्शन को बड़े पैमाने पर कवर किया है और पाठकों लिए बेहद शानदार रिपोर्ट पेश की है। दीपक दिल्लीवार, पिछले 5 साल से IBC24 न्यूज पोर्टल पर लीडर के तौर पर काम कर रहे हैं। इन्हें अपनी डेडिकेशन और अलर्टनेस के लिए जाना जाता है। इसी की वजह से वो पाठकों के लिए विश्वसनीय जानकारी के सोर्स बने हुए हैं। वो, निष्पक्ष, एनालिसिस बेस्ड और मजेदार समीक्षा देते हैं, जिससे इनकी फॉलोवर की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। काम के इतर बात करें, तो दीपक दिल्लीवार को खाली वक्त में फिल्में, क्रिकेट खेलने और किताब पढ़ने में मजा आता है। वो हेल्दी वर्क लाइफ बैलेंस करने में यकीन रखते हैं।"