राजस्थान के दौसा, भरतपुर जिले में बेहद भारी बारिश

Ads

राजस्थान के दौसा, भरतपुर जिले में बेहद भारी बारिश

  •  
  • Publish Date - August 9, 2024 / 02:05 PM IST,
    Updated On - August 9, 2024 / 02:05 PM IST

जयपुर, नौ अगस्त (भाषा) राजस्थान के कई हिस्सों में लगातार बारिश का दौर जारी है जहां बीते चौबीस घंटे की अवधि के दौरान दौसा और भरतपुर जिले में बेहद भारी बारिश हुई।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के जयपुर केंद्र के अनुसार शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे तक के पिछले 24 घंटे की अवधि के दौरान पश्चिमी राजस्थान में कहीं-कहीं तथा पूर्वी राजस्थान में कुछ स्थानों पर मेघगर्जन के साथ बारिश हुई। इस दौरान राज्य के अलवर, जयपुर, बांसवाड़ा में भारी बारिश और दौसा तथा भरतपुर जिले में अति भारी बारिश हुई।

सबसे अधिक बारिश दौसा के महवा में 195 मिलीमीटर, भरतपुर के नदबई में 160 मिलीमीटर और दौसा के बैजपुरा में 123 मिलीमीटर हुई जो कि ‘अति भारी बारिश’ श्रेणी की है।

जयपुर के विराटनगर में 114 मिलीमीटर, अलवर के थानागाजी में 106 मिलीमीटर, भरतपुर के बयाना में 113 मिलीमीटर और अलवर के मुंडावर में 63 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि कई अन्य जगहों पर 20 से लेकर 60 मिलीमीटर तक बारिश हुई।

मौसम केंद्र के अनुसार आगामी पांच से सात दिन पूर्वी राजस्थान के कई भागों में मेघगर्जन और बारिश जारी रहने की संभावना है। जोधपुर संभाग के कुछ भागों में नौ-अगस्त से बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है।

भाषा पृथ्वी खारी

खारी