जयपुर, 18 सितंबर (भाषा) एक नए मौसमी तंत्र के असर से राजस्थान के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार कई जगह बारिश की गतिविधियां आज भी जारी रहेंगी।
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार सबह तक बीते चौबीस घंटे में राज्य के डूंगरपुर, सलूम्बर, उदयपुर जिलों में भारी से अतिभारी बारिश दर्ज की गई। इसी तरह अजमेर, ब्यावर, भीलवाड़ा, भरतपुर, बूंदी, सवाईमाधोपुर, सिरोही, टोंक जिलों में मध्यम से भारी बारिश हुई।
इस दौरान बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, राजसमन्द, प्रतापगढ़, बारां, दौसा, धोलपुर, जयपुर, ब्यावर, कोटा, सीकर, झुंझुनू, सिरोही, बीकानेर, डीडवाना कुचामन, नागौर, फलोदी, जोधपुर तथा पाली जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। सबसे अधिक 200 मिलीमीटर बारिश आसपुर (डूंगरपुर) में हुई।
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, 18 सितंबर को भी जोधपुर, उदयपुर, अजमेर, जयपुर कोटा भरतपुर संभाग के कुछ भागों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है।
दक्षिण-पूर्वी व पूर्वी राजस्थान में 20 सितंबर को भी कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि 21 सितंबर से राज्य के अधिकतर भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है।
वहीं पश्चिमी राजस्थान के कुछ भागों से 19 सितंबर के आसपास बारिश की गतिविधियों में कमी होने तथा मानसून विदाई के लिए परिस्थितियां अनुकूल रह सकती हैं।
भाषा पृथ्वी
मनीषा
मनीषा