हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश, चंबा और कुल्लू में बाढ़ जैसे हालात
हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश, चंबा और कुल्लू में बाढ़ जैसे हालात
शिमला, छह जुलाई (भाषा) हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में रातभर मध्यम से भारी बारिश हुई जिससे चंबा और कुल्लू जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए और कई प्रमुख सड़कें बंद हो गईं। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि चंबा जिले के चुराह उपमंडल में पंगोला नाले में अचानक आई बाढ़ के कारण चंबा-तिस्सा मार्ग बंद हो गया। वहीं, कुल्लू जिले के लारजी-सैंज मार्ग पर पागल नाले में बाढ़ आने से यातायात प्रभावित हुआ।
अधिकारियों के अनुसार, मंडी जिले के जोगिंदरनगर में सबसे अधिक 97 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके बाद कांगड़ा में 74.8 मिमी, पालमपुर में 35.4 मिमी, भरवाईं में 34 मिमी, सराहन में 32.5 मिमी, रोहड़ू में 30 मिमी और धर्मशाला में 27.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने सोमवार को बताया कि कांगड़ा, ऊना और सिरमौर जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, चंबा, मंडी और शिमला जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है।
भाषा तान्या नरेश
नरेश

Facebook


