केरल के कई हिस्सों में भारी बारिश, राज्य में लू से राहत

Ads

केरल के कई हिस्सों में भारी बारिश, राज्य में लू से राहत

  •  
  • Publish Date - April 29, 2026 / 04:57 PM IST,
    Updated On - April 29, 2026 / 04:57 PM IST

तिरुवनंतपुरम, 29 अप्रैल (भाषा) केरल के कई हिस्सों में बुधवार को भारी बारिश की वजह से पिछले कुछ हफ्तों से चल रही लू से राहत मिली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आने वाले दिनों में और अधिक बारिश होने का अनुमान जताया है।

आईएमडी के मुताबिक 29 अप्रैल से 3 मई तक राज्य के कुछ हिस्सों में बिजली कड़कने के साथ बारिश तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।

तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पत्तनमथिट्टा और कोट्टयम जिलों में आज के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है जिसका मतलब है कि इन जिलों में 6 से 11 सेंटीमीटर तक भारी बारिश की संभावना है।

तिरुवनंतपुरम में भारी बारिश से अरुविक्कारा बांध का जल स्तर बढ़ने के कारण दोपहर में इसके तीन गेट 30 सेंटीमीटर तक खोल दिए गए।

अप्रैल में केरल के लू की चपेट में रहने के कारण बिजली की खपत बढ़ गई, जिसके परिणामस्वरूप बिजली कटौती की समस्या सामने आयी।

भाषा नरेश

नरेश