लेह में निजी एयरलाइन के कर्मचारी के पास से हेरोइन बरामद, गिरफ्तार

Ads

लेह में निजी एयरलाइन के कर्मचारी के पास से हेरोइन बरामद, गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - July 13, 2026 / 03:44 PM IST,
    Updated On - July 13, 2026 / 03:44 PM IST

लेह, 13 जुलाई (भाषा) मादक पदार्थ निरोधक कार्य बल ने सोमवार को लेह में एक निजी एयरलाइन के विमान रखरखाव इंजीनियर के पास से हेरोइन बरामद होने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला निवासी 22 साल के अजय ठाकुर की गिरफ्तारी के बाद हवाई अड्डा कर्मचारियों और इलाके में काम करने वाले मादक पदार्थ गिरोह के बीच संदिग्ध मिलीभगत की व्यापक जांच शुरू हो गई है।

उन्होंने बताया कि ठाकुर एक निजी कार में यात्रा कर रहा था कि तभी नियमित गश्त पर निकले मादक पदार्थ निरोधक कार्यबल (एनएनटीएफ) की टीम ने उसे रोका और उसके पास से 2.27 ग्राम हेरोइन जब्त की।

अधिकारियों ने कहा कि इसके बाद ठाकुर के खिलाफ स्वापक औषधि और मनः प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत एएनटीएफ थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई।

उन्होंने कहा कि इस बरामदगी ने एक बार फिर नशीले पदार्थों की आपूर्ति श्रृंखला की हर कड़ी को तोड़ने के प्रशासन के संकल्प को दोहराया है।

यह घटनाक्रम हाल के हफ्तों में एएनटीएफ के कई सफल अभियानों के बाद हुआ है जिनमें लद्दाख के युवाओं को निशाना बनाने की कोशिश कर रहे मादक पदार्थ तस्करों के बढ़ते अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा हुआ है।

इस संबंध में एक अधिकारी ने कहा, ‘‘अब जांच नशीले पदार्थों के स्रोत का पता लगाने और हवाई अड्डा कर्मचारियों, अंतरराज्यीय आपूर्तिकर्ताओं एवं स्थानीय मादक पदार्थ तस्करों के बीच संभावित संबंधों की पहचान करने पर केंद्रित है।’’

अधिकारी ने कहा कि जांच एजेंसियां ​​इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि क्या आरोपी अकेले काम कर रहा था या लद्दाख में नशीले पदार्थ लाने-ले जाने और वितरण में शामिल किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा था।

उन्होंने कहा कि 2026 की शुरुआत से केंद्र शासित प्रदेश में कानून लागू करने वाली एजेंसियों ने एनडीपीएस के 33 मामले दर्ज किए हैं, 27 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और कई तरह के नशीले पदार्थ जब्त किए हैं, जिससे मादक पदार्थों के संगठित नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई के बढ़ते दायरे का पता चलता है।

भाषा सुरभि नेत्रपाल

नेत्रपाल