महाराष्ट्र के युवाओं को पाकिस्तानी गैंगस्टर भट्टी से मिली धनराशि की जांच जारी : मंत्री

Ads

महाराष्ट्र के युवाओं को पाकिस्तानी गैंगस्टर भट्टी से मिली धनराशि की जांच जारी : मंत्री

  •  
  • Publish Date - July 13, 2026 / 04:01 PM IST,
    Updated On - July 13, 2026 / 04:01 PM IST

मुंबई, 13 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के गृह राज्य मंत्री पंकज भोयर ने सोमवार को कहा कि महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) पाकिस्तान स्थित गैंगस्टर शहजाद भट्टी द्वारा स्थानीय युवाओं के साथ किए गए वित्तीय लेनदेन की पड़ताल की जा रही है।

भोयर ने संवाददाताओं से कहा कि जांच एजेंसी ने पिछले सप्ताह हिरासत में लिये गए कई संदिग्धों के मोबाइल फोन जब्त कर लिये हैं और नेटवर्क का पता लगाने के लिए उनमें मौजूद डेटा निकाला जा रहा है।

पिछले सप्ताह एजेंसी ने भट्टी से कथित संबंधों की जांच के तहत राज्यभर में समन्वित अभियान चलाकर 112 लोगों से पूछताछ की थी।

भट्टी पर सोशल मीडिया मंचों के जरिए युवाओं को कथित तौर पर राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों के लिए प्रभावित करने का संदेह है।

भोयर ने कहा, ‘महाराष्ट्र में आतंकवादी गतिविधियां शुरू करने की योजना बना रहा शहजाद भट्टी सोशल मीडिया के जरिए कुछ स्थानीय युवाओं के संपर्क में था। एटीएस को इस बात की जानकारी मिली कि भट्टी ने कथित तौर पर इन युवाओं के बैंक खातों में धनराशि भेजी थी।’

उन्होंने कहा कि जांचकर्ता यह पता लगा रहे हैं कि संदिग्ध कितने समय से भट्टी के संपर्क में थे, उनके बीच किस तरह का संवाद हुआ और उनकी क्या योजना थी।

भोयर ने कहा कि हिरासत में लिये गए सभी युवक जानबूझकर भट्टी के संपर्क में नहीं थे। उन्होंने कहा कि कुछ लोग संयोगवश उसके संपर्क में आए या उनसे बातचीत हुई थी। उन्होंने कहा कि जब्त किए गए उपकरणों का विश्लेषण कर यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि गैंगस्टर के साथ कौन-कौन लोग जुड़े हुए थे।

भाषा अमित अविनाश

अविनाश