असम में करीब 1.3 करोड़ रुपये की हेरोइन जब्त, दो महिलाएं गिरफ्तार

Ads

असम में करीब 1.3 करोड़ रुपये की हेरोइन जब्त, दो महिलाएं गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - November 12, 2025 / 05:20 PM IST,
    Updated On - November 12, 2025 / 05:20 PM IST

गुवाहाटी, 12 नवंबर (भाषा) असम की राजधानी से दो अभियानों के बाद करीब 1.3 करोड़ रुपये मूल्य की हेरोइन जब्त की गई और दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

गुवाहाटी पुलिस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा कि गुप्त सूचना के आधार पर बसिष्ठ थाना क्षेत्र के अंतर्गत खानापाड़ा में सुबह छापेमारी की गई और एक महिला को हिरासत में लिया गया।

पोस्ट में कहा गया कि 47 वर्षीय महिला मणिपुर के चूराचांदपुर निवासी है।

पुलिस ने कहा, ‘‘साबुन के 12 डिब्बे बरामद किए गए, जिनमें 138 ग्राम हेरोइन थी (साबुन के डिब्बे के बगैर यह वजन है) और एक मोबाइल फोन था। कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।’’

पुलिस ने बताया कि इसी थाना क्षेत्र में एक अन्य अभियान के दौरान खानापाड़ा इलाके में किराए के एक मकान पर छापा मारा गया।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एक महिला के पास से दो तंबाकू के डिब्बों के अंदर 22 ग्राम हेरोइन, तीन चोरी के मोबाइल फोन और 13,000 रुपये नकद बरामद किए जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने बताया कि स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) के मानकों के अनुसार जब्त मादक पदार्थ की कुल कीमत लगभग 1.28 करोड़ रुपये होगी।

भाषा यासिर मनीषा

मनीषा