(कोमल शर्मा)
नयी दिल्ली, 26 फरवरी (भाषा) नेपाल के वन एवं पर्यावरण मंत्री माधव प्रसाद चौलागैन ने बृहस्पतिवार को नेपाल चुनाव को ‘‘अपने आप में ऐतिहासिक’’ बताते हुए विश्वास व्यक्त किया कि देश में जारी चुनावी प्रक्रिया सुचारू रूप से और समय पर पूरी हो जाएगी।
यहां आयोजित विश्व सतत विकास शिखर सम्मेलन 2026 को संबोधित करते हुए, चौलागैन ने कहा कि नेपाल में चुनावी प्रक्रिया आगे बढ़ने में राजनीतिक दल और जनता पूरी तरह से सक्रिय रूप से शामिल हैं।
उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘जिस सरकार का मैं प्रतिनिधित्व कर रहा हूं, वह एक नागरिक सरकार है। हमारा मुख्य दायित्व समय पर चुनाव कराना और सफलतापूर्वक सत्ता हस्तांतरण करना है ताकि हम लोकतांत्रिक प्रक्रिया का पालन कर सकें।’’
नेपाल के मंत्री ने कहा कि कुछ महीने पहले देश को एक गंभीर स्थिति का सामना करना पड़ा था, लेकिन स्थिति को स्थिर करने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के सुचारू संचालन के प्रयास किए गए।
उन्होंने सुचारू लोकतांत्रिक परिवर्तन सुनिश्चित करने में भारत सहित मित्र देशों द्वारा दिए गए समर्थन को भी सराहा।
मंत्री ने कहा, ‘‘इस प्रक्रिया के दौरान, हमें भारत जैसे देशों से प्रगतिशील सहयोग प्राप्त हुआ।’’
नेपाल में 1.89 करोड़ पात्र मतदाता प्रतिनिधि सभा के 275 सदस्यों को चुनने के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिसके लिए मतदान पांच मार्च को होगा।
भाषा शफीक रंजन
रंजन