नयी दिल्ली, 23 जुलाई (भाषा) नीट प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर संसद में गतिरोध के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात की।
सूत्रों के मुताबिक हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित होने के बाद शाह ने बिरला से मुलाकात की।
इससे पहले कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव समेत विपक्ष के वरिष्ठ नेताओं ने लोकसभा अध्यक्ष से मुलाकात की थी। तृणमूल कांग्रेस नेता सौगत रॉय, महुआ मोइत्रा आदि भी इस बैठक में उपस्थित थे।
बिरला ने आज प्रश्नकाल के दौरान विपक्षी नेताओं से कहा था कि वह नीट प्रश्नपत्र लीक के मुद्दे पर चर्चा की तारीख और अवधि तय करने के लिए उनसे मिलें।
सरकार ने विपक्ष पर आरोप लगाया है कि वह नीट प्रश्नपत्र लीक मामले में चर्चा कराने के लिए शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की पूर्व शर्त रखकर चर्चा से भाग रहा है।
भाषा वैभव अविनाश
अविनाश
अविनाश