नवरात्र के दौरान वैष्णो देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी

नवरात्र के दौरान वैष्णो देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी

नवरात्र के दौरान वैष्णो देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी
Modified Date: March 26, 2026 / 04:35 pm IST
Published Date: March 26, 2026 4:35 pm IST

जम्मू, 26 मार्च (भाषा) जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर में चैत्र नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, इस दौरान 2.69 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने गुफा मंदिर में प्रार्थना की।

माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ’25 मार्च तक 2,69,716 श्रद्धालु मंदिर में दर्शन कर चुके हैं। मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ है। हालांकि, यात्रा सुचारू रूप से चल रही है।’

चैत्र नवरात्र 19 मार्च से 27 मार्च तक मनाए जा रहे हैं। नवरात्र देवी नवदुर्गा की पूजा के लिए समर्पित है और माता वैष्णो देवी मंदिर में इसका विशेष महत्व है, जहां इस अवधि के दौरान श्रद्धालुओं की सबसे अधिक भीड़ होती है।

आंकड़ों के अनुसार, नवरात्र के पहले दिन 19 मार्च को 31,815 श्रद्धालुओं ने मंदिर में दर्शन किए, जबकि 20 मार्च को 34,805, 21 मार्च को 41,078, 22 मार्च को 43,482, 23 मार्च को 45,478, 24 मार्च को 38,158 और 25 मार्च को 34,900 श्रद्धालुओं ने मंदिर का दौरा किया।

उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए उनका पंजीकरण दो बार थोड़े समय के लिए निलंबित किया गया था।

अधिकारियों ने कटरा बेस कैंप और तीर्थस्थल तक जाने वाले मार्ग पर बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की है ताकि यात्रा सुरक्षित हो सके।

उन्होंने बताया कि बोर्ड ने श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन करने, संभावित भीड़ को संभालने और 13 किलोमीटर लंबे यात्रा मार्ग पर सुचारू आवागमन सुनिश्चित करने के लिए स्वयंसेवकों को तैनात किया है।

भाषा तान्या रंजन

रंजन


लेखक के बारे में