खाई में मृत मिली किशोरी को सैकड़ों लोगों ने दी श्रद्धांजलि

Ads

खाई में मृत मिली किशोरी को सैकड़ों लोगों ने दी श्रद्धांजलि

  •  
  • Publish Date - April 11, 2026 / 02:45 PM IST,
    Updated On - April 11, 2026 / 02:45 PM IST

पलक्कड़ (केरल), 11 अप्रैल (भाषा) कर्नाटक की चंद्रहोणा पहाड़ी स्थित एक खाई में मृत पाई गई 10वीं की छात्रा श्रीनंदा को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए शनिवार को उत्तर केरल स्थित उसके आवास पर सैकड़ों लोग एकत्र हुए।

श्रीनंदा परिवार के साथ कर्नाटक घूमने गई थी और मंगलवार शाम को पर्वतारोहण के दौरान लापता हो गई थी।

उत्तरी केरल जिले के कदंबझीपुरम स्थित श्रीनंदा के घर पर उसके दोस्त, सहपाठी, पड़ोसी और स्थानीय निवासी सहित बड़ी संख्या में लोग पहुंचे, जहां उसके शव को अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए रखा गया था।

कर्नाटक पुलिस के अनुसार, श्रीनंदा का शव ड्रोन पर लगे कैमरे की मदद से देखा गया। श्रीनंदा जहां से लापता हुई थी उससे थोड़ी ही दूर उसका शव एक झरने के पास लगभग 1,500 फीट गहरी खाई में मिला था।

पुलिस ने कहा कि श्रीनंदा की मौत किस वजह से हुई, इसकी जांच की जा रही है।

वह पलक्कड़ से कर्नाटक घूमने आए करीब 40 रिश्तेदारों के समूह का हिस्सा थी।

भाषा

प्रचेता धीरज

धीरज