कासरगोड में पत्नी पर ‘हमला’ करने के बाद पति का शव फंदे से लटका पाया गया

Ads

कासरगोड में पत्नी पर ‘हमला’ करने के बाद पति का शव फंदे से लटका पाया गया

  •  
  • Publish Date - February 19, 2026 / 02:51 PM IST,
    Updated On - February 19, 2026 / 02:51 PM IST

कासरगोड (केरल), 19 फरवरी (भाषा) केरल के कन्हंगड में अपनी पत्नी पर कथित तौर पर धारदार हथियार से हमला करने वाले एक व्यक्ति का शव बृहस्पतिवार को फंदे से लटका पाया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने कहा कि जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान कन्हंगड में कडाप्पुरम के बावनगर निवासी इब्राहिम के रूप में हुई।

पुलिस ने बताया कि हमले में इब्राहिम की पत्नी मरियम के सिर में गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें मंगलुरु के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

होसदुर्ग थाने के अधिकारियों ने बताया कि पड़ोसियों ने सबसे पहले मरियम की चीखें सुनीं और तड़के उनके घर पहुंचे, जहां वह सिर में चोटों के साथ खून से लथपथ पायी गईं।

पुलिस ने बताया कि घटना के तुरंत बाद इब्राहिम मौके से फरार हो गया और स्थानीय लोगों ने मरियम को कन्हंगड के एक अस्पताल में भर्ती कराया, जिसके बाद उसे मंगलुरु रेफर कर दिया गया तथा उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस ने बताया कि इसके बाद सुबह इब्राहिम का शव उसके घर के पास एक पेड़ की शाखा से बंधे फंदे से लटका पाया गया। होसदुर्ग पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों को संदेह है कि दंपति के बीच विवाद के कारण यह घटना हुई होगी। शव को अस्पताल भिजवाया गया है जिसे पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

भाषा यासिर संतोष

संतोष