हैदराबाद: पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी में इंजीनियर पकड़ा, ग्राहकों में एमएलसी पुत्र सहित तीन शामिल

Ads

हैदराबाद: पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी में इंजीनियर पकड़ा, ग्राहकों में एमएलसी पुत्र सहित तीन शामिल

  •  
  • Publish Date - July 16, 2026 / 09:17 PM IST,
    Updated On - July 16, 2026 / 09:17 PM IST

हैदराबाद, 16 जुलाई (भाषा) पुलिस ने मादक पदार्थों की कथित तस्करी में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर को हिरासत में लिया। इसके बाद यहां एक ठिकाने पर छापेमारी में उसके तीन ग्राहकों को पकड़ा गया जिनमें तेलंगाना के एक एमएलसी का पुत्र शामिल है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, पुख्ता सूचना के आधार पर हैदराबाद स्वापक प्रवर्तन शाखा (एच-न्यू) की टीम ने बुधवार रात मंगलहाट थाना क्षेत्र में एक परिसर पर छापा मारकर सॉफ्टवेयर इंजीनियर को पकड़ा और उसके कब्जे से करीब 22 ग्राम गांजा बरामद किया गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ और उसके मोबाइल फोन के डेटा की जांच में कुछ ग्राहकों की जानकारी मिली जो उस तस्कर के संपर्क में थे।

आधिकारिक सूत्रों ने कहा, ‘सॉफ्टवेयर इंजीनियर मादक पदार्थ बेचता था। उसके संपर्क में वाले कुछ मादक पदार्थ खरीदने वाले ग्राहकों की पहचान की गई। इसके बाद विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) के बेटे समेत तीन ग्राहकों को पकड़ा गया।’

सूत्रों ने बताया कि आरोपी तस्कर और तीनों ग्राहकों को जांच के लिए मंगलहाट पुलिस के हवाले कर दिया गया है। तीनों को चिकित्सकीय जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है और उनकी जांच रिपोर्ट का इंतजार है।

उन्होंने कहा कि यदि जांच में मादक पदार्थों के सेवन की पुष्टि होती है तो उन्हें नशामुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र भेजा जाएगा।

भाषा

शुभम पवनेश

पवनेश