हैदराबाद पोंजी मामला : ईडी ने नौहेरा शेख को गिरफ्तार किया

Ads

हैदराबाद पोंजी मामला : ईडी ने नौहेरा शेख को गिरफ्तार किया

  •  
  • Publish Date - May 22, 2026 / 11:28 AM IST,
    Updated On - May 22, 2026 / 11:28 AM IST

नयी दिल्ली, 22 मई (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने ‘हीरा ग्रुप’ से जुड़े हैदराबाद के कथित निवेश धोखाधड़ी मामले में मुख्य आरोपी नौहेरा शेख को हरियाणा के गुरुग्राम से गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

शेख को बृहस्पतिवार को ईडी और हरियाणा पुलिस के संयुक्त अभियान में गिरफ्तार किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि वह गुरुग्राम में ‘‘फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल करके फर्जी पहचान के आधार पर रह रही थी।’’ महिला को शुक्रवार को हैदराबाद ले जाया गया और धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) की विशेष अदालत में पेश किया गया।

उन्होंने बताया कि हाल में उच्चतम न्यायालय द्वारा जमानत रद्द किए जाने के बाद से शेख इस मामले में जांच से बच रही थी।

अधिकारियों ने बताया कि हैदराबाद की एक विशेष पीएमएलए अदालत ने सात मई को शेख के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था, लेकिन वह अपने हैदराबाद स्थित पते पर नहीं मिली। खुफिया जानकारी में उसके गुरुग्राम होने की सूचना मिली।

ईडी ने कहा कि शेख, हीरा ग्रुप ऑफ कंपनीज और अन्य पर 36 प्रतिशत से अधिक वार्षिक मुनाफे का वादा करके लोगों से 5,978 करोड़ रुपये से अधिक की रकम जुटाने का आरोप है। हालांकि, वे मूल राशि भी वापस करने में विफल रहे जिससे 1.72 लाख से अधिक निवेशकों से 3,000 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी हुई।

इस मामले में ईडी ने 428 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की थी और इन संपत्ति की नीलामी के लिए उच्चतम न्यायालय से हरी झंडी मिल गई थी ताकि उनसे प्राप्त धनराशि को पीएमएलए के प्रावधानों के तहत पीड़ितों को वापस लौटाया जा सके।

ईडी के अनुसार कुछ संपत्ति की सफलतापूर्वक नीलामी हुई जिससे लगभग 122 करोड़ रुपये प्राप्त हुए।

ईडी ने आरोप लगाया कि शेख ने सफल बोलीदाताओं के पक्ष में बैनामा के निष्पादन में सहयोग नहीं किया और नीलामी की कार्यवाही में बार-बार बाधा डालने के प्रयास किए।

भाषा सुरभि मनीषा

मनीषा