चेन्नई, 10 मई (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने रविवार को कहा कि वे अपनी सरकार में एकमात्र ‘सत्ता का केंद्र’ होंगे और उन्होंने खुद को साधारण पृष्ठभूमि से आने वाले एक आम आदमी के रूप में पेश करने की कोशिश की।
विजय ने कहा कि वह गरीबी और भूख से भलीभांति परिचित हैं, क्योंकि उनका जन्म एक साधारण सहायक फिल्म निर्देशक के पुत्र के रूप में हुआ था, जो कड़ी मेहनत करके सिनेमा जगत में सफलता प्राप्त करना चाहता था।
मुख्यमंत्री ने अपने पहले भाषण में आश्वासन दिया कि उनके शासन में सत्ता का एकमात्र केंद्र वह स्वयं होंगे।
उन्होंने कहा, “यहां केवल एक ही केंद्र है, मेरे नेतृत्व वाला केंद्र। इस तरफ एक केंद्र, उस तरफ एक सत्ता केंद्र, वहां एक और सत्ता केंद्र – इनमें से कुछ भी मौजूद नहीं है, मैं अभी आपको बता रहा हूं।”
उन्होंने कहा, “मैं किसी शाही वंश से नहीं आता, मैं आप जैसा ही हूं और आप में से एक हूं, आपके परिवार का एक सदस्य हूं।”
उन्होंने कहा कि वे वास्तव में खुद को उनमें से एक, उनका बेटा या भाई जैसा महसूस कर रहे हैं।
वह परोक्ष तौर पर, वह इस बात पर जोर दे रहे थे कि उन्हें किसी बड़े स्थापित राजनीतिक परिवार का समर्थन प्राप्त नहीं है।
विजय ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली, जब उनकी पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) ने 23 अप्रैल के चुनाव में जीत हासिल की और 118 के बहुमत के आंकड़े को पार करने के लिए अन्य दलों का समर्थन भी प्राप्त किया।
चूंकि लोगों ने भी विजय को अपने में से एक माना, इसलिए उन्होंने उन्हें सिनेमा जगत में शीर्ष स्थान दिया और अब जब उन्होंने जनता के प्रति कृतज्ञता का ऋण चुकाने के लिए राजनीति में प्रवेश किया, तो जनता ने उनके नेतृत्व को प्रेमपूर्वक स्वीकार किया और अपना अटूट समर्थन दिया।
विजय ने कहा कि अपने राजनीतिक सफर में उन्हें और उनके समर्थकों को कई कठिनाइयों और अपमानों का सामना करना पड़ा। कठिनाइयों और अपमानों के बावजूद साथ खड़े रहने के लिए लोगों का आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि वे भी एक साधारण इंसान हैं, कोई फरिश्ता नहीं।
उन्होंने कहा, ‘जैसा कि मैंने पहले भी कहा है, मैं झूठे वादे करके आपको धोखा नहीं दूंगा।’ उन्होंने कहा कि करोड़ों लोगों के समर्थन से वे मुश्किल से मुश्किल काम भी पूरा कर सकते हैं।
उन्होंने कहा, “मुझे आपको तमिलनाडु सरकार की वर्तमान स्थिति के बारे में बताना है। राज्य पर 10 लाख करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज है और खजाना पूरी तरह खाली हो चुका है, जिससे असहनीय बोझ पड़ गया है।” उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार ने ऐसी स्थिति में ही जिम्मेदारी संभाली है।
उनका विचार पहले मौजूदा हालात का पूरी तरह आकलन करना और फिर एक श्वेत पत्र जारी करना था, जिसमें एक पारदर्शी सरकार देकर आगे बढ़ा जाए।
विजय ने आश्वासन दिया कि वे पारदर्शी और खुले रहेंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘आपने मुझे इतनी बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। साथ ही, मैं आपसे कुछ समय देने का अनुरोध करता हूं। मैं चरणबद्ध तरीके से अपने सभी वादों को पूरा करने का प्रयास करूंगा। मैं अपने वादों को पूरा करूंगा। साथ ही, यदि आप मुझे कुछ समय देंगे, तो यह मेरे लिए मददगार और सहयोगात्मक होगा। यह आपकी सरकार है।”
मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि वे महिलाओं की सुरक्षा पर सख्त रुख अपनाएंगे। उन्होंने कहा, “आज से ही मैं नशाखोरी को रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाऊंगा और प्रयास करूंगा। हमारे बच्चों को इससे बचाना हमारी सरकार का दायित्व है। इसी प्रकार, मैं कानून व्यवस्था बनाए रखने और सभी की सुरक्षा सुनिश्चित करने का भी प्रयास करूंगा।”
उन्होंने पूछा, “जिन्होंने मुझे अपमानित किया, जिन्होंने मुझे परेशान किया, वे भी तो मेरे ही लोग हैं, है ना? चाहे वे मित्र हों या शत्रु, आठ करोड़ लोग मेरे ही हैं। है ना?’’
उन्होंने कहा कि उनका प्राथमिक ध्यान शिक्षा, जनहितकारी वितरण प्रणाली-राशन, दवा, पेयजल, सड़क और बस सुविधाएं सहित बुनियादी सुविधाओं के बुनियादी ढांचे को सुनिश्चित करने पर होगा।
उन्होंने कहा, ‘‘जैसा कि मैंने पहले भी कहा है, मैं जनता के पैसे में से एक पैसा भी नहीं छूऊंगा। यह मेरे लिए आवश्यक भी नहीं है और आप यह भली-भांति जानते हैं। विजय न तो कर्तव्य में लापरवाही करेगा और न ही दूसरों को ऐसा करने देगा। चाहे कोई भी हो, यहां तक कि मेरी सरकार में मेरे साथ वाले भी, मैं उन्हें ऐसा करने नहीं दूंगा।”
उन्होंने कहा कि यदि किसी के मन में ऐसा करने का ऐसा कोई विचार है, तो उन्हें ऐसे विचार मिटा देने चाहिए।
टीवीके सरकार के तहत महिलाओं, युवाओं, किसानों, सरकारी कर्मचारियों, शिक्षकों, कामगारों, मछुआरों – सभी का ध्यान रखा जाएगा।
भाषा अमित दिलीप
दिलीप