भुवनेश्वर, 10 मई (भाषा) बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष नवीन पटनायक ने सी. जोसेफ विजय को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर रविवार को बधाई दी।
ओडिशा के पांच बार मुख्यमंत्री रह चुके पटनायक ने उम्मीद जताई कि विजय के नेतृत्व में तमिलनाडु विकास की नई ऊंचाई छुएगा।
ओडिशा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष पटनायक ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, “विजय को तमिलनाडु का मुख्यमंत्री बनने पर बधाई। मुझे उम्मीद है कि आपके नेतृत्व में राज्य की जनता के सहयोग से तमिलनाडु विकास की नई ऊंचाई हासिल करेगा। शुभकामनाएं।”
विजय ने रविवार को एक भव्य समारोह में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। समारोह में कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी मौजूद थे।
इसके साथ ही दक्षिण भारत के इस राज्य में 60 वर्षों में पहली बार द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) और अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) से इतर किसी अन्य दल की सरकार बनी है।
भाषा खारी नेत्रपाल
नेत्रपाल