पलक्कड (केरल), 23 मार्च (भाषा) केरल विधानसभा चुनाव के लिए पलक्कड से कांग्रेस के उम्मीदवार रमेश पिशारोडी ने सोमवार को कहा कि एक हास्य अभिनेता को मैदान में उतारने पर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वरिष्ठ नेता टी. एम. थॉमस इसाक द्वारा की गई टिप्पणी का वह उसी लहजे में जवाब नहीं देंगे और उन्होंने कहा कि उनमें ‘संस्कार’ हैं।
पिशारोडी ने यहां पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि वह इसाक जैसे वरिष्ठ नेता को उसी स्तर पर जवाब देने के इच्छुक नहीं हैं।
इसाक ने पलक्कड निर्वाचन क्षेत्र में माकपा और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच समझौता होने के संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के आरोप पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि ऐसे दावे इसलिए किए जा रहे हैं क्योंकि कांग्रेस ने व्यापक रूप से स्वीकार्य उम्मीदवार के बजाय एक हास्य कलाकार को चुनावी मैदान में उतारा है।
पिशारोडी ने कहा, “देश पर शासन करने वाली कांग्रेस ने अपनी बात रखने और विचार व्यक्त करने की आजादी दी। हमें दूसरों पर टिप्पणी करने का हक है। उन्हें उस स्वतंत्रता का उपयोग करते हुए अपनी टिप्पणी करने दें।’’
हालांकि, जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें भी बोलने की उतनी ही स्वतंत्रता है, तो पिशारोडी ने कहा कि उनमें ‘संस्कार’ भी हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘संस्कार ऐसी चीज नहीं है जो विरोध प्रदर्शनों के माध्यम से प्राप्त की जा सकती है।’’
उन्होंने ‘केरल पीपुल्स आर्ट्स क्लब’ (केपीएसी) से जुड़े कलाकारों के राज्य में कम्युनिस्ट आंदोलन को लोकप्रिय बनाने में दिए गए योगदान को याद किया।
उन्होंने कहा, “ये नेता कब से कला और कलाकारों का विरोध करने लगे हैं? मुझे समझ नहीं आता कि जो लोग उनका साथ नहीं देते, उन्हें शत्रुता की नजर से क्यों देखा जाता है।”
उन्होंने कहा कि वह इसाक को एक वरिष्ठ नेता के रूप में सम्मान देते हैं।
पलक्कड निर्वाचन क्षेत्र से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार और अभिनेता अखिल मरार की इस टिप्पणी पर कि उन्होंने समाज के लिए कुछ नहीं किया है, पिशारोडी ने कहा कि उन्होंने यह टिप्पणी नहीं देखी है और उन्हें उम्मीद है कि बाद में उनकी राय बदल जाएगी।
भाषा
यासिर गोला
गोला