चब्बेवाल (पंजाब), तीन अप्रैल (भाषा) शिरोमणि अकाली दल (शिअद) प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने शुक्रवार को घोषणा की कि अगर उनका दल 2027 में सरकार बनाता है, तो वह पंजाब के कंडी क्षेत्र के लिए एक विशेष औद्योगिक क्षेत्र के मकसद से पैकेज लागू करेंगे और कंडी क्षेत्र विकास मंत्रालय की स्थापना की जाएगी।
बादल ने चब्बेवाल में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि इस पैकेज में बिजली और कर अनुदान शामिल होंगे और सड़क सुधार में पठानकोट को चंडीगढ़ से तथा अमृतसर को आनंदपुर साहिब से जोड़ने वाले राजमार्गों का निर्माण शामिल होगा।
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित मंत्रालय कंडी (उप-पर्वतीय) क्षेत्र के समग्र विकास पर ध्यान केंद्रित करेगा, जिसमें सरकारी ट्यूबवेल लगाना और किसानों को ड्रिप सिंचाई तथा भूमिगत पाइपलाइन की सुविधा प्रदान करना शामिल है।
बादल ने आम आदमी पार्टी (आप) सरकार को निशाना बनाते हुए आरोप लगाया कि राज्य में कानून व्यवस्था बिगड़ गई है और दावा किया कि मंत्री, लोगों को धमकाने तथा जबरन वसूली में लिप्त होने के लिए गैंगस्टर के साथ मिलीभगत कर रहे हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान की भी आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि उनका जनता से संपर्क टूट गया है और वे आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल के एजेंडे को लागू कर रहे हैं।
बादल ने आम आदमी पार्टी पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि सार्वजनिक धन का उपयोग करके राजनीतिक रैलियां आयोजित की जा रही हैं।
उन्होंने राज्य सरकार के निवेश के दावों को चुनौती देते हुए बताया कि जहां आम आदमी पार्टी ने 1.5 लाख करोड़ रुपये के निवेश का दावा किया था, वहीं सूचना का अधिकार (आरटीआई) आंकड़ों के अनुसार वास्तविक निवेश केवल लगभग 2,600 करोड़ रुपये था।
उन्होंने कहा कि जबरन वसूली और ‘‘गैंगस्टर राज’’ के कारण निवेशक पंजाब में निवेश करने से हिचकिचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिअद बेहतर कानून व्यवस्था सुनिश्चित करेगी और उद्योगों को प्रोत्साहन प्रदान करेगी।
बादल ने जोर देते हुए कहा कि उद्योगों को कम से कम 75 प्रतिशत नौकरियां स्थानीय लोगों को प्रदान करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
भाषा यासिर माधव
माधव