बेंगलुरु, 22 सितंबर (भाषा) बेंगलुरु शहर के बाहरी इलाके में पुलिस ने देसी पिस्तौल की कथित अवैध बिक्री में शामिल एक गिरोह का भंडाफोड़ करके सात लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों की पहचान प्रदीप रमेश (30), रिजवान पाशा (36), मनोज (28), वेंकटराज (26), शिवराज (30), गोपी (28) और नंजप्पा (30) के रूप में हुई है।
उनकी गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने आरोपियों के पास से पांच देसी पिस्तौल और 10 कारतूस बरामद करने का दावा किया है।
अधिकारियों ने बताया कि मामले में पहली गिरफ्तारी 14 अगस्त को अनेकल में हल्देनहल्ली रेलवे फाटक के पास गश्त के दौरान हुई थी, जब पुलिस ने एक व्यक्ति को संदिग्ध रूप से एक बैग के साथ खड़ा देखा। अधिकारियों ने बताया कि बाद में उसकी पहचान प्रदीप के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान उसके पास से तीन देसी पिस्तौल और 10 कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने बताया कि वह हल्देनहल्ली रेलवे स्टेशन के पास हथियारों की आपूर्ति करने के लिए इंतजार कर रहा था, तभी उसे पकड़ लिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद पुलिस ने कथित अवैध हथियार बिक्री गिरोह का पता लगाया। अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में हाल ही में छह अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि जांच में दो अन्य देसी पिस्तौल के बारे में जानकारी मिली, जिन्हें कथित तौर पर आरोपियों रिजवान और मनोज को बेचा गया था। उनकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उनके पास से ये हथियार भी बरामद कर लिए।
पुलिस ने बताया कि सभी सात आरोपियों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है।
भाषा तान्या अमित
अमित