आईएमडी ने दिल्ली में बारिश के लिए ‘येलो’ अलर्ट जारी किया, एक्यूआई गिरकर 54 पर पहुंचा

आईएमडी ने दिल्ली में बारिश के लिए ‘येलो’ अलर्ट जारी किया, एक्यूआई गिरकर 54 पर पहुंचा

आईएमडी ने दिल्ली में बारिश के लिए ‘येलो’ अलर्ट जारी किया, एक्यूआई गिरकर 54 पर पहुंचा
Modified Date: July 10, 2026 / 10:56 am IST
Published Date: July 10, 2026 10:56 am IST

नयी दिल्ली, 10 जुलाई (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार सुबह भी घने बादल छाए रहे और एक दिन पहले हुई झमाझम बरसात के बाद भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार के लिए भी गरज-चमक और बारिश का ‘येलो’ अलर्ट जारी किया है।

आईएमडी के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली में मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की गई। शहर के सफदरजंग मौसम केंद्र में शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे तक 33.6 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।

अन्य मौसम केंद्रों में, लोधी रोड में 33.7 मिमी, रिज में 25.9 मिमी, आयानगर में 4.2 मिमी और पालम में 1.8 मिमी बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार दोपहर और शाम के दौरान राजधानी के कई इलाकों में बादल गरजने, बिजली कड़कने और हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। इसी के मद्देनजर दिल्ली के लिए ‘येलो’ अलर्ट जारी किया गया है।

शहर में सुबह साढ़े आठ बजे हवा में नमी 92 प्रतिशत दर्ज की गई।

इस बीच, सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री कम रहा।

पालम में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.8 डिग्री कम 24.4 डिग्री सेल्सियस, लोधी रोड में सामान्य से 0.3 डिग्री कम 25.7 डिग्री सेल्सियस, रिज में सामान्य से 3.6 डिग्री कम 22.9 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में सामान्य से 2.4 डिग्री कम 24.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

बारिश का असर राजधानी की आबोहवा पर भी साफ नजर आया।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) सुबह नौ बजे 54 दर्ज किया गया जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है।

एक्यूआई को शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।

भाषा गोला सिम्मी

सिम्मी


लेखक के बारे में