बंगाल में जनता से जुड़ने की आस में उम्मीदवार रोटियां बेल रहे, कीर्तन गा रहे

Ads

बंगाल में जनता से जुड़ने की आस में उम्मीदवार रोटियां बेल रहे, कीर्तन गा रहे

  •  
  • Publish Date - March 22, 2026 / 08:54 PM IST,
    Updated On - March 22, 2026 / 08:54 PM IST

कोलकाता, 22 मार्च (भाषा) पश्चिम बंगाल में इन दिनों विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान उम्मीदवार परंपरागत भाषणों या नारों से आगे बढ़कर जनता से सीधे जुड़ने का प्रयास करते हुए घर में रोटियां बेलते, दुकान में दाढ़ी बनाते और भजन गाते भी नजर आ रहे हैं।

हुगली की रसोई से लेकर बीरभूम के सड़क किनारे नाई की दुकान और झाड़ग्राम के कीर्तन सभाओं तक, विभिन्न दलों के उम्मीदवार पारंपरिक रैली मंच से हटकर सीधे लोगों के रोजमर्रा के जीवन से जुड़ रहे हैं।

हुगली के पुरसुराह में, तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार पार्थ हजारी को हाल ही में एक मतदाता के घर की रसोई में देखा गया, जहां गैस खत्म होने की जानकारी मिलने पर उन्होंने पारंपरिक मिट्टी के चूल्हे पर रोटियां बनाईं।

इस तरह जनता से जुड़ने के साथ ही उन्होंने राजनीतिक संदेश भी दिया कि लोगों को रसोई गैस सिलेंडर की किल्लत का भी सामना करना पड़ रहा है।

पार्थ हजारी ने मुस्कुराते हुए कहा, ‘‘मैंने पहले भी रोटियां बनाई हैं, इसलिए मुझे थोड़ी बहुत जानकारी है। गैस सिलेंडर न मिलने के कारण कई परिवार मुश्किल में हैं। मैंने तो बस मदद करने की कोशिश की।’’

वोट मांगते हुए रोटियां बेलने की उम्मीदवार की तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई।

बीरभूम में भाजपा के एक उम्मीदवार को नाई की दुकान पर दाढ़ी बनाते देखा गया।

दुबराजपुर में, मौजूदा विधायक अनूप साहा ने चुनाव प्रचार के दौरान सड़क किनारे एक नाई को काम करते हुए देखकर कुछ देर के लिए प्रचार से विराम ले लिया। कुछ ही देर बाद, भाजपा उम्मीदवार हाथ में रेजर लिए एक आदमी की दाढ़ी बनाते नजर आये। उनका यह कदम जनता से सीधे जुड़ने का प्रयास रहा।

झाड़ग्राम में गोपीबल्लभपुर सीट से भाजपा के उम्मीदवार राजेश महतो ने जनता से जुड़ने का एक अलग तरीका अपनाया।

‘हरि नाम संकीर्तन’ के साथ अपने प्रचार अभियान की शुरुआत करते हुए, महतो ने ग्रामीणों के साथ भक्तिमय भजनों में भाग लिया और सभा के दौरान गुलाल भी खेला, जिसके बाद वे घर-घर जाकर प्रचार करने निकले।

यहां तक ​​कि वामपंथी दल भी सार्वजनिक भागीदारी के इस नए प्रारूप के अनुकूल ढलते नजर आ रहे हैं।

पानीहाटी में, माकपा के युवा उम्मीदवार कल्टन दासगुप्ता ने चैतन्य महाप्रभु को समर्पित महोत्सवतला घाट मंदिर में प्रार्थना के साथ अपना प्रचार अभियान शुरू किया।

यह एक ऐसा दृश्य है जिसकी कल्पना वाम मोर्चे के उस तीन दशक के शासनकाल के दौरान लगभग असंभव होती, जब वामपंथियों ने एक कठोर धर्मनिरपेक्ष राजनीतिक पहचान को प्रदर्शित किया था।

भाषा शफीक नरेश

नरेश