हरियाणा में कांग्रेस ने जमीनी स्तर पर संगठन मजबूत करने के लिए रोहतक में बैठकें कीं

Ads

हरियाणा में कांग्रेस ने जमीनी स्तर पर संगठन मजबूत करने के लिए रोहतक में बैठकें कीं

  •  
  • Publish Date - August 17, 2026 / 08:03 PM IST,
    Updated On - August 17, 2026 / 08:03 PM IST

चंडीगढ़, 17 अगस्त (भाषा) कांग्रेस की हरियाणा इकाई ने जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने और जनसमस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने के उद्देश्य से सोमवार को रोहतक में संगठनात्मक बैठकें कीं।

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में गढ़ी सांपला-किलोई, महम, कलानौर और रोहतक विधानसभा क्षेत्रों के कांग्रेस नेताओं तथा कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक गतिविधियों, जमीनी स्तर पर संपर्क तथा जनसमस्याओं को लेकर चर्चा की गई।

रोहतक ग्रामीण और रोहतक शहरी जिला कांग्रेस कमेटियों की कार्यकारिणी की बैठकें भी हुईं।

पार्टी की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, बैठकों में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के साथ नियमित संवाद सुनिश्चित करने और जनता से जुड़े मुद्दों को अधिक प्रभावी ढंग से उठाने पर बल दिया गया।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि हरियाणा में लोग महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं, युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों और सरकारी कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों का सामना कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार को घोषणाओं और प्रचार से आगे बढ़कर लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।

सिंह ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनकल्याण से जुड़े मुद्दों को उठाने के लिए हर गांव और वार्ड तक पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी की ताकत उसके कार्यकर्ताओं की मेहनत तथा जनता के साथ उनके सीधे जुड़ाव से आएगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि विधानसभा और जिला स्तर की बैठकों का उद्देश्य पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता के साथ संवाद स्थापित करना है।

इस बैठक में रोहतक ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बलवान सिंह रंगा, रोहतक शहरी जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुलदीप सिंह, विधायक भारत भूषण बत्रा, शकुंतला खटक और बलराम दांगी, पूर्व मंत्री आनंद सिंह दांगी और सुभाष बत्रा, पूर्व विधायक संतलाल, जिला एवं विधानसभा स्तर के पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सिंह ने कहा कि कांग्रेस की प्राथमिकताओं में लोगों के अधिकारों की रक्षा करना, लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करना और समाज के हर वर्ग को राजनीतिक मंच उपलब्ध कराना शामिल है।

भाषा रवि कांत नेत्रपाल

नेत्रपाल