जम्मू में पुलिस ने राष्ट्रीय ध्वज को बाहर निकालने के लिए तोड़फोड़ अभियान रोका

Ads

जम्मू में पुलिस ने राष्ट्रीय ध्वज को बाहर निकालने के लिए तोड़फोड़ अभियान रोका

  •  
  • Publish Date - May 23, 2026 / 02:48 PM IST,
    Updated On - May 23, 2026 / 02:48 PM IST

जम्मू, 23 मई (भाषा) जम्मू शहर के बाहरी इलाके में शनिवार को अवैध निर्माण के खिलाफ तोड़फोड़ अभियान कुछ समय के लिए रोक दिया गया ताकि एक इमारत को ढहाए जाने से पहले उसके भीतर से मेज पर रखे जाने वाले दो राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगा) को सम्मानपूर्वक बाहर निकाला जा सके। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने कहा, ‘‘पुलिस अधिकारियों ने कुछ समय के लिए तोड़फोड़ की कार्रवाई को रुकवाया ताकि तिरंगे को पूरी गरिमा और सम्मान के साथ इमारत से बाहर निकाला जा सके।’’

उन्होंने बताया कि इसके बाद अभियान दोबारा शुरू किया गया।

यह घटनाक्रम शहर के बाहरी इलाके में स्थित मीरां साहिब क्षेत्र में एक संदिग्ध मादक पदार्थ तस्कर बबलू से जुड़ी कथित संपत्तियों के खिलाफ जारी तोड़फोड़ अभियान के दौरान देखने को मिला।

इस घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आया है, जिसमें एक पुलिसकर्मी अभियान के दौरान एक कमरे के अंदर से दो तिरंगों को बाहर निकालते हुए दिखाई दे रहा है।

अधिकारियों के अनुसार, यह अभियान उप-निरीक्षक रिंकू शर्मा के नेतृत्व वाली टीम द्वारा चलाया जा रहा है।

भाषा प्रचेता प्रचेता संतोष

संतोष