कोलकाता, दो फरवरी (भाषा) कोलकाता के उल्टाडांगा में एक युवक द्वारा कथित रूप से तेजाब फेंके जाने से एक महिला समेत दो लोग गंभीर रूप से झुलस गये। पुलिस ने मंगलवार को यह सूचना दी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि कुछ साल पहले महिला की शादी से पूर्व युवक का उसके साथ संबंध था और वह लॉकडाउन के समय से ही उसके साथ फिर दोस्ती कायम करने की कोशिश कर रहा था लेकिन महिला उससे बच रही थी। पुलिस के अनुसार ऐसा लगता है कि इसी वजह से युवक ने उस पर तेजाब फेंक दिया।
पुलिस के अनुसार सोमवार को जब महिला एक बल्ब फैक्टरी से काम करके घर लौट रही थी तब युवक ने कथित रूप से उस पर तेजाब फेंक दिया। महिला के साथ चल रहे एक व्यक्ति ने उसे बचाने की कोशिश की और वह भी झुलस गया।
युवक ने भागने की कोशिश की लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। दोनों घायलों का आर जी कार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में उपचार चल रहा है।
भाषा राजकुमार नरेश
नरेश