मणिपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं का राष्ट्रगान के ‘अपमान’ के विरुद्ध कांग्रेस भवन के सामने प्रदर्शन

Ads

मणिपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं का राष्ट्रगान के ‘अपमान’ के विरुद्ध कांग्रेस भवन के सामने प्रदर्शन

  •  
  • Publish Date - August 16, 2026 / 09:51 PM IST,
    Updated On - August 16, 2026 / 09:51 PM IST

इंफाल, 16 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मणिपुर इकाई ने नयी दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में वंदे मातरम् को पूरा गाये जाने पर सोनिया गांधी द्वारा कथित रूप से आपत्ति जताये जाने के विरुद्ध रविवार को यहां कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय कांग्रेस भवन सामने के सामने प्रदर्शन किया।

पचास से अधिक भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस भवन के बाहर राष्ट्र ध्वज और राष्ट्र गीत के रचयिता बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय के पोस्टर लेकर नारे लगाए और लाउडस्पीकर पर ‘वंदे मातरम्’ बजाया।

प्रदेश भाजपा महासचिव के सरत कुमार सिंह ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘ कांग्रेस ने राष्ट्र गीत का अपमान किया है। हम इसके विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं। राष्ट्र गीत गाए जाने के दौरान बोलना या हिलना-डुलना बहुत बड़ा अपमान है।’’

अधिकारियों ने बताया कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई थी।

भाजपा ने कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी पर आरोप लगाया है कि उन्होंने शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी में विपक्षी पार्टी के मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान ‘वंदे मातरम्’ का पूरा संस्करण गाने पर आपत्ति जताई थी।

हालांकि, कांग्रेस ने इस आरोप का खंडन करते हुए कहा कि राष्ट्रगीत का पूरा संस्करण गाने को रोकने की कोई कोशिश नहीं की गई थी और गांधी केवल पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के लिए कुर्सी मांग रही थीं, क्योंकि वह काफी देर से खड़े थे।

पिछले महीने, संसद ने एक विधेयक पारित किया जिसके तहत राष्ट्रगीत का अपमान करना दंडनीय अपराध है।

यह कानून ‘वंदे मातरम्’ को राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के बराबर का दर्जा देता है।

भाषा राजकुमार नरेश

नरेश