नयी दिल्ली, 23 मार्च (भाषा) देश में घटते भूजल स्तर पर चिंता जाहिर करते हुए राज्यसभा में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के डॉ दिनेश शर्मा ने जल वितरण व्यवस्था के नियमन और वर्षा जल संचयन को अनिवार्य बनाए जाने की मांग की।
शून्यकाल में यह मुद्दा उठाते हुए डॉ शर्मा ने कहा कि भूजल स्तर कई जगहों पर बहुत नीचे जा चुका है जिससे जल संकट उत्पन्न हो गया है। गर्मी बढ़ने के साथ साथ यह संकट बढ़ता जाएगा और टैंकर माफिया इस संकट का फायदा उठाते हैं।
उन्होंने कहा कि पानी की जरूरत हर काम के लिए होती है और यह हम सभी जानते हैं कि जल है तो जीवन है।
डॉ शर्मा ने सुझाव दिया कि जल वितरण व्यवस्था का नियमन किया जाना चाहिए और टैंकर माफिया पर नकेल कसना चाहिए।
उन्होंने मांग की कि वर्षा जल संचयन को अनिवार्य बनाया जाना चाहिए और साथ ही राज्यों के बीच जलविवाद के समाधान के लिए एक प्रणाली बनाई जानी चाहिए।
भाषा
मनीषा माधव
माधव