पटना। ये गाना तो आपने सुना होगा, तमंचे पर डिस्को लेकिन तमंचे पर शादी की ख़बर शायद नहीं देखी होगी। ख़बर बिहार की है, जहां पटना जिले के पंडारक में एक इंजीनियर की शादी तमंचे यानी पिस्तौल की नोंक पर करा दी गई। बिहार में इस तरह की शादी की ख़बरें पिछली शताब्दी में अक्सर सुनने को मिला करती थीं, लेकिन इक्कीसवीं सदी में भी इस तरह की घटना हो सकती है, इसे जानकर हर कोई हैरान है। जाहिर है हैरान आप भी होंगे तो हम आपको बताते हैं पूरा माजरा, लेकिन उससे पहले ये वीडियो तो देख लीजिए।
Bihar: Engineer allegedly forced to get married at gunpoint in Patna’s Pandarak, kept crying. (2.1.18) pic.twitter.com/8ce1JwHYAP
— ANI (@ANI) January 6, 2018
देखा आपने..दुल्हा मंडप पर इस तरह बैठा है कि पहला मौका मिलते ही भाग खड़ा हो। शादी की रस्म निभाई जा रही है, दुल्हन बिल्कुल शांत बैठी है, लेकिन दुल्हा लगातार रोए जा रहा है। दुल्हे की आंखों से आंसुओं का सैलाब निकल रहा है और पास बैठी एक महिला उसकी आंखों से आंसू पोंछने का काम कर रही हैं। आम तौर पर आपने ये देखा होगा कि शादी के दौरान या इसके बाद दुल्हन रोती है, इसलिए रोती है क्योंकि बचपन से लेकर शादी तक वो जहां रही, पली-पढ़ी, उस घर को छोड़कर, अपने माता-पिता, भाई-बहन, नाते-रिश्तेदार को छोड़कर जाना होता है, लेकिन यहां दुल्हा इसलिए रो रहा है क्योंकि इस शादी से पहले तक उसे इस बात का रत्ती भर भी अंदाजा नहीं था कि उसकी शादी होने वाली है और वो भी इस तरह।
देखें तस्वीरे-
हुआ दरअसल ये कि पटना जिले के खुसरूपुर के रहने वाले इंजीनियर विनोद कुमार झारखंड के बोकारो स्टील प्लांट में जूनियर मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। वो अपने एक दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए 2 दिसंबर को रांची से चलकर 3 दिसंबर को पटना पहुंचा था। दोस्त की शादी नालंदा के इस्लामपुर में थी। विनोद अपना ट्रांसफर कराना चाहता था और उनके एक पारिवारिक मित्र सुरेंद्र यादव ने कहा कि एक नेता हैं, जिनके बड़े ऊंचे संपर्क हैं तो काम हो जाएगा, इसलिए मुलाकात तय हो गई। मोबाइल पर हुई बातचीत के आधार पर विनोद और उसका दोस्त गुड्डू मोकामा स्टेशन पहुंचे. मोकामा स्टेशन के बाहर सुरेंद्र यादव खड़ा था, जिसने विनोद को नेता जी से मिलाने के बहाने पहले इधर-उधर घुमाया और फिर अगवा कर पंडारक ले आया। उसके बाद उसकी शादी कराई जाने लगी। विनोद रोता रहा और लड़की के घरवाले शादी के रिवाज निभाते रहे। शादी का मंडप और बाकी तैयारियां जिस तरह से हो रखी थीं, उससे लगता है कि सबकुछ पहले से तय था।
ये भी पढ़ें-इमरान खान ने तीसरी बार निकाह के साथ नए साल का किया आगाज
अब ये वीडियो सामने आने के बाद से इस मामले ने तूल पकड़ लिया है। दुल्हे ने जबरन हथियार की नोंक पर शादी का आरोप लगाया है, ऐसे में ये देखना दिलचस्प होगा कि पुलिस-प्रशासन दुल्हन के घर वालों और आरोपी सुरेंद्र यादव के खिलाफ क्या कार्रवाई करता है?
वेब डेस्क, IBC24