नयी दिल्ली, नौ जुलाई (भाषा) भारत और अफगानिस्तान ने बृहस्पतिवार को यहां हुई एक महत्वपूर्ण बैठक में मानवीय सहायता, विकास साझेदारी, खाद्य सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, व्यापार, वीजा और संपर्क व्यवस्था जैसे क्षेत्रों में सहयोग सहित आपसी संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा की।
भारत-अफगानिस्तान संयुक्त समिति के चौथे दौर की बैठक की सह-अध्यक्षता विदेश मंत्रालय के संयुक्त सचिव (पीएआई) एम. आनंद प्रकाश और अफगानिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रथम राजनीतिक विभाग के महानिदेशक शुऐब बरयालई ने की।
विदेश मंत्रालय में पीएआई विभाग का अर्थ पाकिस्तान, अफगानिस्तान और ईरान संबंधी विभाग है।
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में बताया, “दोनों पक्षों ने आपसी संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा की, जिसमें मानवीय सहायता, विकास साझेदारी, खाद्य सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवा, क्षमता निर्माण, शिक्षा, खेल, व्यापार, वीजा और संपर्क व्यवस्था जैसे क्षेत्रों में सहयोग शामिल है।”
भारतीय पक्ष ने अफगान लोगों के कल्याण और विकास से जुड़ी जरूरतों का समर्थन जारी रखने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
बयान में बताया गया कि अफगान पक्ष ने विभिन्न क्षेत्रों में भारत से लगातार मिल रहे समर्थन और सहयोग की सराहना की।
दोनों पक्षों ने नियमित बातचीत के महत्व को दोहराया और आपसी संपर्क में बने रहने पर सहमति जताई।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि संयुक्त समिति की अगली बैठक दोनों पक्षों की सुविधा के अनुसार किसी समय पर की जाएगी।
भाषा जितेंद्र अविनाश
अविनाश