निर्वाचन आयोग मामले पर ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक, साझा रणनीति पर मंथन

निर्वाचन आयोग मामले पर ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक, साझा रणनीति पर मंथन

निर्वाचन आयोग मामले पर ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक, साझा रणनीति पर मंथन
Modified Date: September 30, 2026 / 11:29 am IST
Published Date: September 30, 2026 11:29 am IST

नयी दिल्ली, 30 सितंबर (भाषा) विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के प्रमुख नेताओं ने बुधवार को नयी दिल्ली में बैठक की, जिसमें निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली के खिलाफ संयुक्त अभियान की रूपरेखा को अंतिम रूप देने और मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आगे की रणनीति पर चर्चा की गई।

निर्वाचन आयोग से जुड़े विवाद के बीच विपक्षी दल इस मुद्दे पर एकजुट होने का प्रयास कर रहे हैं।

यह बैठक ऐसे समय हुई है, जब विपक्ष ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने के मकसद से संसद में प्रस्ताव लाने संबंधी नोटिस देने की तैयारी में है। ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इस तरह का यह तीसरा प्रयास है।

विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस) की बैठक में कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश और के. सी. वेणुगोपाल के अलावा ‘ममता अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस’ की ममता बनर्जी सहित विभिन्न विपक्षी दलों के नेता शामिल हुए।

समाजवादी पार्टी (सपा), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के प्रतिनिधियों ने भी बैठक में हिस्सा लिया।

विपक्ष के दो अन्य प्रमुख दल द्रमुक और आम आदमी पार्टी (आप) बैठक में शामिल नहीं हुईं।

कांग्रेस के संगठन महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने मंगलवार को कहा था कि बैठक में विपक्षी दलों से महत्वपूर्ण सुझाव लिए जाएंगे और उसके बाद भविष्य के आंदोलन के लिए स्पष्ट कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा था कि कांग्रेस अपने कार्यक्रमों और ‘इंडिया’ गठबंधन के आंदोलन के बीच समन्वय स्थापित करेगी।

द्रमुक प्रवक्ता टी. के. एस. एलंगोवन ने मंगलवार को कहा था कि उनकी पार्टी वैचारिक रूप से विपक्षी दलों के साथ है।

उन्होंने स्पष्ट किया था कि द्रमुक ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक में शामिल नहीं होगी, लेकिन संसद में ज्ञानेश कुमार को हटाने का प्रस्ताव लाए जाने पर उसका समर्थन करेगी।

भाषा हक सुरभि मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में