नयी दिल्ली, 13 सितंबर (भाषा) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने जम्मू कश्मीर में अनंतनाग जिले के कोकरनाग इलाके में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में सेना के एक कर्नल सहित तीन अधिकारियों के शहीद होने पर बुधवार को दुख जताया और कहा कि आतंकवाद के खिलाफ भारत एकजुट होकर खड़ा है।
खरगे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘सेना के हमारे बहादुर कर्मियों और एक डीएसपी ने जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में मुठभेड़ में आतंकवादियों से लड़ते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया है। हम उनके जाने से दुखी हैं। हमारे बहादुर जवानों के परिवारों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आतंकवाद के खिलाफ भारत एकजुट होकर खड़ा है।’’
जम्मू कश्मीर में अनंतनाग जिले के कोकरनाग इलाके में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में सेना के एक कर्नल सहित तीन अधिकारी शहीद हो गए। अधिकारियों ने बुधवार को यहां यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि कर्नल मनप्रीत सिंह, मेजर आशीष, जम्मू कश्मीर पुलिस के उपाधीक्षक हुमायूं भट गोलीबारी में गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में उनकी मृत्यु हो गई। उन्होंने कहा कि भट की मृत्यु अत्यधिक खून बह जाने के कारण हुई।
भाषा हक हक अविनाश नेत्रपाल
नेत्रपाल