मोदी सरकार की नीतियों के कारण देश की वैश्विक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा: खरगे

Ads

मोदी सरकार की नीतियों के कारण देश की वैश्विक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा: खरगे

  •  
  • Publish Date - July 6, 2026 / 05:49 PM IST,
    Updated On - July 6, 2026 / 05:49 PM IST

नयी दिल्ली, छह जुलाई (भाषा) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भारतीय पासपोर्ट की वैश्विक रैंकिंग में गिरावट को लेकर सोमवार को नरेन्द्र मोदी सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि उसकी नीतियों के कारण देश की वैश्विक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है।

खरगे ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के एक पुराने बयान का हवाला दिया, जिसमें उन्होंने कहा था कि विदेश यात्रा करने वाले और विदेशों में रहने वाले लोग आज भारतीय पासपोर्ट की ताकत और सम्मान को जानते हैं।

राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा, ‘‘मोदी सरकार की नीतियां भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के लिए जिम्मेदार हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी ने 2018 में दावा किया था कि विदेश यात्रा करने वाले और विदेशों में रहने वाले लोग आज भारतीय पासपोर्ट की ताकत और सम्मान को जानते हैं। वह ‘ताकत’ आखिर दिखाई कहां देती है? तथ्य उनके दावों का समर्थन नहीं करते।’’

खरगे के मुताबिक, एक वैश्विक पासपोर्ट रैंकिंग में भारत 2013 में 74वें स्थान से जून, 2026 में 80वें स्थान पर पहुंच गया है।

उन्होंने कहा कि एक अन्य वैश्विक पासपोर्ट सूचकांक में भारत को वर्ष 2026 में 125वां स्थान दिया गया है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सेवाओं में सुधार करने के बजाय मोदी सरकार ने पासपोर्ट बनवाना और महंगा कर दिया है।

उन्होंने कहा कि पासपोर्ट शुल्क 1,500 रुपये से बढ़ाकर 2,500 रुपये कर दिया गया है, जबकि तत्काल सेवा का शुल्क बढ़कर 5,000 रुपये हो गया है।

भाषा हक प्रशांत

प्रशांत