सिंधु जल संधि पर भारत का रुख अडिग, यह अभी स्थगित है: विदेश मंत्रालय

Ads

सिंधु जल संधि पर भारत का रुख अडिग, यह अभी स्थगित है: विदेश मंत्रालय

  •  
  • Publish Date - July 4, 2026 / 12:16 AM IST,
    Updated On - July 4, 2026 / 12:16 AM IST

नयी दिल्ली, तीन जुलाई (भाषा) सिंधु जल संधि पर भारत का रुख अडिग है और पाकिस्तान द्वारा सीमा पार आतंकवाद को निरंतर समर्थन दिए जाने के जवाब में यह संधि फिलहाल स्थगित है। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

भारत ने 22 अप्रैल के पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद पाकिस्तान के खिलाफ दंडात्मक उपायों के तहत 2025 में इस संधि को निलंबित कर दिया था। पहलगाम हमले में 26 लोगों की मौत हो गयी थी।

इस्लामाबाद में इस संधि पर हाल ही में आयोजित एक संगोष्ठी के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने अपनी साप्ताहिक प्रेस वार्ता में कहा, ‘सिंधु जल संधि (आईडब्ल्यूटी) पर, मैं वही दोहराऊंगा जो हमने पहले भी कहा है। सिंधु जल संधि पर भारत का रुख अडिग है।’

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान द्वारा सीमा पार आतंकवाद को निरंतर समर्थन दिए जाने के जवाब में सिंधु जल संधि फिलहाल स्थगित है।

उन्होंने कहा, ‘पाकिस्तान को सीमा पार आतंकवाद को दिए जाने वाले अपने समर्थन को विश्वसनीय और अपरिवर्तनीय रूप से त्यागना होगा।’

विश्व बैंक की मध्यस्थता में हुई यह संधि, 1960 से ही भारत और पाकिस्तान के बीच सिंधु नदी और उसकी सहायक नदियों के पानी के वितरण और उपयोग को नियंत्रित करती आ रही है।

मंगलवार को इस्लामाबाद में आयोजित संगोष्ठी में, उपप्रधानमंत्री इसहाक डार ने कहा कि पाकिस्तान सिंधु जल संधि को रद्द करने के भारत के फैसले को खारिज करता है और यह संधि ‘वैध, बाध्यकारी और प्रभावी’ बनी हुई है।

उन्होंने कहा था, ‘कोई भी पक्ष एकतरफा रूप से ऐसी संधि के तहत अपने दायित्वों को निलंबित या समाप्त नहीं कर सकता है, जिसमें ऐसा कोई प्रावधान ही न हो।’

भाषा तान्या सुरेश

सुरेश

शीर्ष 5 समाचार