नयी दिल्ली, तीन जुलाई (भाषा) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरकार्यवाह एवं वरिष्ठ विचारक दत्तात्रेय होसबाले ने शुक्रवार को ‘ऑर्गनाइज़र’ की सराहना करते हुए कहा कि यह पत्रिका सरकार का ‘प्रचारक और प्रचार-प्रसार का माध्यम’ बने बिना भी प्रभावी और प्रासंगिक बनी रही है, जबकि सत्ता में ‘उसी राष्ट्रवादी वैचारिक परिवार’ से जुड़ी सरकारें भी रही हैं।
अंग्रेजी साप्ताहिक पत्रिका के 80वें स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए, होसबाले ने कहा कि ‘ऑर्गेनाइजर’ ने ‘अंग्रेजी मीडिया में एक उच्च स्तर की विरासत बनाई है’ और यह ‘महज एक साप्ताहिक समाचार पत्र नहीं है’।
उन्होंने कहा, ”आर्गेनाइजर’ एक आंदोलन है, एक वैचारिक आंदोलन है, जो राष्ट्रवादी आंदोलन का ही एक हिस्सा है।’
उन्होंने कहा कि जब एक ही राष्ट्रवादी वैचारिक परिवार की सरकारें चल रही हों, तब एक समाचार पत्र का संचालन करना और प्रभावी एवं प्रासंगिक बने रहना बेहद कठिन होता है— वह भी सरकार का प्रचारक या विज्ञापन पत्र बने बिना। समाज की आवाज़ बनना, जनता की आवाज़ बनना वाकई चुनौतीपूर्ण है।
भाषा तान्या सुरेश
सुरेश