टीटीडी ने जून 2026 में रिकॉर्ड 1.26 करोड़ लड्डू बेचे, छह प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी

Ads

टीटीडी ने जून 2026 में रिकॉर्ड 1.26 करोड़ लड्डू बेचे, छह प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी

  •  
  • Publish Date - July 4, 2026 / 12:32 AM IST,
    Updated On - July 4, 2026 / 12:32 AM IST

तिरुपति, तीन जुलाई (भाषा) तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) ने शुक्रवार को बताया कि जून 2026 में लड्डू की रिकॉर्ड बिक्री 1.26 करोड़ तक पहुंच गई, जो पिछले साल की तुलना में छह प्रतिशत से अधिक की वृद्धि है।

एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए, तिरुमला तिरुपति देवस्थानम ने लड्डू उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि की और बिना किसी कमी के निर्बाध वितरण सुनिश्चित किया।

विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘जून 2026 में 1.26 करोड़ लड्डुओं की बिक्री एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। जून 2025 की तुलना में, इस बार 7.5 लाख अधिक लड्डू बेचे गए, जो 6.37 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज करता है।’’

पिछले तीन महीनों की तुलना में जून में लड्डुओं की बिक्री में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई। जून 2024 की तुलना में, लड्डुओं की बिक्री में 24 लाख से अधिक की वृद्धि हुई, जो 23.5 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है।

इसमें कहा गया कि अप्रैल 2026 में, टीटीडी ने 1.1 करोड़ से अधिक लड्डू बेचे, जिसके बाद मई 2026 में 1.2 करोड़ से अधिक लड्डुओं की बिक्री हुई।

विज्ञप्ति में कहा गया कि तिरुमला में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए, टीटीडी लड्डुओं के उत्पादन और वितरण की कुशल योजना बना रहा है, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि भक्तों को बिना किसी असुविधा के यह पवित्र प्रसाद मिल सके।

भाषा तान्या सुरेश

सुरेश

शीर्ष 5 समाचार