ओडिशा के उद्योग मंत्री ने खुर्दा में परिधान निर्माण इकाई का उद्घाटन किया

Ads

ओडिशा के उद्योग मंत्री ने खुर्दा में परिधान निर्माण इकाई का उद्घाटन किया

  •  
  • Publish Date - April 29, 2026 / 05:20 PM IST,
    Updated On - April 29, 2026 / 05:20 PM IST

भुवनेश्वर, 29 अप्रैल (भाषा) ओडिशा के उद्योग मंत्री सम्पद चंद्र स्वैन ने बुधवार को खुर्दा में एक परिधान निर्माण इकाई का उद्घाटन किया। इससे लगभग 7,050 लोगों के लिए रोजगार पैदा होने की संभावना है, जो राज्य के कपड़ा और परिधान क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

चालीस एकड़ में फैली इस इकाई की स्थापना ‘एपिक ग्रुप’ द्वारा की गई है।

इस अवसर पर स्वैन ने कहा कि कंपनी का यह निवेश राज्य के औद्योगिक विकास की कहानी पर बढ़ते वैश्विक विश्वास को दर्शाता है।

स्वैन ने कहा, ‘ओडिशा आज केवल निवेश ही आकर्षित नहीं कर रहा है; हम ऐसे गंतव्य बना रहे हैं जहां उद्योग फूल-फल सकें और स्थायी प्रभाव डाल सकें। खुर्दा, विशेष रूप से कालीबेती जैसे उभरते स्थान, औद्योगिक विकास के एक नए चरण के साक्षी बन रहे हैं।’

मंत्री ने कहा कि इस इकाई में लगभग 7,050 लोगों को रोजगार देने की क्षमता है, जिससे यह राज्य के परिधान क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

स्वैन ने कहा, ‘इस इकाई के कुल कार्यबल में लगभग 90 प्रतिशत महिलाएं हैं। यह एक उल्लेखनीय उपलब्धि है और महिला नेतृत्व वाले विकास की दिशा में एक सशक्त कदम है।’

कंपनी ने एक बयान में कहा कि भारत की सबसे आधुनिक परिधान निर्माण सुविधाओं में से एक के रूप में डिजाइन किया गया यह परिसर वैश्विक बाजारों के लिए सालाना दो करोड़ परिधानों का उत्पादन करेगा।

भाषा सुमित माधव

माधव