नयी दिल्ली, 18 जुलाई (भाषा) उद्योग जगत के दिग्गज रवि कांत ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की और उन्हें अपनी सह-लिखित पुस्तक की एक प्रति भेंट की।
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘उद्योग जगत के दिग्गज श्री रवि कांत ने आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की और उन्हें अपनी सह-लिखित पुस्तक ‘लीडिंग फ्रॉम द बैक- टू अचीव द इम्पॉसिबल’ की एक प्रति भेंट की।’’
पुस्तक के प्रकाशक पेंगुइन इंडिया के अनुसार, हैरी पॉल और रॉस रेक के साथ सह-लिखित इस पुस्तक के लेखक रवि कांत को विभिन्न उद्योगों में करीब 50 वर्षों का व्यावसायिक अनुभव है।
रवि कांत ने टाटा मोटर्स में 15 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं। वह इस कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) और प्रबंध निदेशक भी रहे। बाद में, रवि कांत ने इसके बोर्ड के उपाध्यक्ष के रूप में भी काम किया।
टाटा मोटर्स से पहले, वह फिलिप्स इंडिया में उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स के निदेशक थे, जहां उन्होंने बोर्ड सदस्य के रूप में भी काम किया।
रवि कांत ने एलएमएल लिमिटेड, टाइटन वाचेस, काइनेटिक इंजीनियरिंग , हॉकिन्स और हिंदुस्तान एल्युमिनियम में भी वरिष्ठ पदों पर काम किया है।
भाषा प्रचेता संतोष
संतोष