जम्मू, 19 अप्रैल (भाषा) जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में रविवार को चिनाब नदी में फिसलने के बाद डूबने से चार महीने के एक शिशु की मौत हो गई, जबकि उसकी मां और चाची को बचा लिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि दोनों महिलाएं शिशु को लेकर मुगल मैदान इलाके में लकड़ी के लट्ठों से बनाये गए अस्थायी पुल का इस्तेमाल करके नदी पार करने की कोशिश कर रही थीं तभी उनका संतुलन बिगड़ गया और वे पानी की तेज धार में बह गईं।
स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद दोनों महिलाओं को बचाने में कामयाब रहे, जबकि शिशु डूब गया और उसका शव बाद में नदी से बरामद किया गया।
इस घटना के बाद विरोध प्रदर्शन हुए और निवासियों ने प्रशासन पर आरोप लगाया कि उसने पिछले साल सितंबर में अचानक आई बाढ़ में बह गए एक अहम पुल की मरम्मत नहीं की।
प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर शोक संतप्त परिवार के लिए तत्काल मुआवजे और नदी पर स्थायी पुल बनाने की मांग करते हुए नारे लगाए।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक जी. एम. सरूरी भी विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए और उन्होंने अधिकारियों से बिना देरी किए कार्रवाई करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा, ‘यह त्रासदी प्रशासनिक उदासीनता का परिणाम है और आने वाले समय में जानमाल के नुकसान को रोकने के लिए पुल का निर्माण जल्द से जल्द किया जाना चाहिए।’
स्थानीय लोगों ने कहा कि उन्होंने संपर्क बहाल करने के लिए बार-बार अपील की है, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जिसके कारण उन्हें अस्थायी लकड़ी के ढांचों पर नदी पार करके अपनी जान जोखिम में डालने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
भाषा
शुभम प्रशांत
प्रशांत