नयी दिल्ली, दो जुलाई (भाषा) भारतीय नौसेना के स्टील्थ युद्धपोत आईएनएस त्रिकंड ने अदन की खाड़ी में एक विदेशी झंडे वाले मालवाहक जहाज पर समुद्री डाकुओं के हमले की कोशिश नाकाम कर दी, जिसपर एक भारतीय समेत चालक दल के 21 सदस्य सवार थे। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
भारतीय नौसेना के एक प्रवक्ता ने बताया कि इस समुद्री डकैती की घटना की जानकारी गुरुग्राम स्थित सूचना संलयन केंद्र – हिंद महासागर क्षेत्र (आईएफसी-आईओआर) के समन्वय से मिली थी।
अधिकारी ने बताया कि सेंट विंसेंट एंड द ग्रेनाडाइंस के झंडे वाले मालवाहक जहाज एमवी गोल्डन आर्सेनल ने एक जुलाई को जिबूती से लगभग 300 समुद्री मील पूर्व-उत्तरपूर्व दिशा में समुद्री डाकुओं के हमले की कोशिश की सूचना दी थी।
अधिकारी ने बताया कि अदन की खाड़ी में तैनात और मिशन पर मौजूद भारतीय नौसेना के स्टील्थ युद्धपोत आईएनएस त्रिकंड ने जहाज पर हुए इस हमले की कोशिश के दौरान तुरंत कार्रवाई की।
प्रवक्ता ने कहा, ‘भारतीय नागरिक समेत चालक दल के 21 सदस्यों को लेकर जा रहे इस मालवाहक जहाज ने के कुछ हिस्सों को नुकसान पहुंचने की जानकारी दी गई। चालक दल के सदस्य जहाज के सुरक्षित हिस्से ‘सिटाडेल’ में चले गए थे और बताया गया कि वे सभी सुरक्षित हैं।’
बृहस्पतिवार सुबह आईएनएस त्रिकंड की एक टीम जहाज को सुरक्षित घोषित करने और स्थिति का आकलन करने के लिए एमवी गोल्डन आर्सेनल पर सवार हुई।
अधिकारी ने कहा, ‘पूरी तरह तलाशी लेने के बाद जहाज पर कोई भी संदिग्ध व्यक्ति नहीं मिला। इसके बाद चालक दल के सदस्य सुरक्षित रूप से सिटाडेल से बाहर आए और भारतीय नौसेना के कर्मियों के साथ मिलकर जहाज की स्थिति का आकलन शुरू किया।’
भाषा जोहेब पवनेश
पवनेश