आईएसआई से जुड़े मॉड्यूल ने दिल्ली के मंदिर, ढाबे और सैन्य शिविर पर हमले की साजिश रची: जांच

Ads

आईएसआई से जुड़े मॉड्यूल ने दिल्ली के मंदिर, ढाबे और सैन्य शिविर पर हमले की साजिश रची: जांच

  •  
  • Publish Date - May 8, 2026 / 11:57 AM IST,
    Updated On - May 8, 2026 / 11:57 AM IST

दिल्ली, आठ मई (भाषा) पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई ने कथित तौर पर शहजाद भट्टी मॉड्यूल से जुड़े गुर्गों के माध्यम से दिल्ली के एक ऐतिहासिक मंदिर, दिल्ली-सोनीपत राजमार्ग पर एक लोकप्रिय ढाबे और हरियाणा में एक सैन्य शिविर पर हमले कराने की साजिश रची थी। सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

सूत्रों के अनुसार, इन बातों का खुलासा दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ द्वारा ‘गैंग बस्ट ऑपरेशन 2.0’ के तहत कई राज्यों से गिरफ्तार किए गए मॉड्यूल के नौ कथित गुर्गों से पूछताछ के दौरान हुआ।

सूत्रों ने बताया कि जांचकर्ताओं ने पाया कि एक आरोपी ने दिल्ली के एक ऐतिहासिक मंदिर की टोह ली थी और सोशल मीडिया के माध्यम से परिसर की तस्वीरें पाकिस्तान स्थित आकाओं को भेजी थीं।

उन्होंने कहा कि मॉड्यूल ने मंदिर में तैनात पुलिस कर्मियों और अर्धसैनिक बलों को निशाना बनाने और दहशत फैलाने व व्यवधान पैदा करने के लिए कथित तौर पर गोलीबारी करने की साज़िश रची थी।

सूत्रों ने यह भी बताया कि बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाने के इरादे से दिल्ली-सोनीपत राजमार्ग पर एक लोकप्रिय ‘ढाबे’ पर ग्रेनेड हमला करने का काम भी आरोपियों को सौंपा गया था। इस ढाबे पर रोजाना हजारों लोग आते हैं।

सूत्र ने कहा, ‘हिसार में एक सैन्य शिविर की भी कथित तौर पर रेकी की गई थी और क्षेत्र के वीडियो सीमा पार आकाओं के साथ साझा किए गए थे। उत्तर प्रदेश के कुछ पुलिस थाने भी हिट लिस्ट में शामिल थे।’

भाषा नोमान रंजन मनीषा

मनीषा