महिला विधायक के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी पर आईयूएमएल नेता निलंबित

Ads

महिला विधायक के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी पर आईयूएमएल नेता निलंबित

  •  
  • Publish Date - March 26, 2026 / 12:54 PM IST,
    Updated On - March 26, 2026 / 12:54 PM IST

अलप्पुझा (केरल), 26 मार्च (भाषा) अलप्पुझा जिले के कायमकुलम में चुनाव प्रचार के दौरान मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की मौजूदा विधायक यू प्रतिभा के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के नेता ए इरशाद को पार्टी ने निलंबित कर दिया है। आईयूएमएल के नेताओं ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

आईयूएमएल के स्थानीय नेता और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) की कायमकुलम इकाई के संयोजक इरशाद ने एक चुनावी कार्यक्रम में प्रतिभा के बारे में कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। उन्होंने दावा किया था कि प्रतिभा तीसरी बार इस सीट से जीत हासिल करने के लिए अपनी वाकपटुता और सुंदरता का ‘इस्तेमाल’ कर रही हैं।

उन्होंने प्रतिभा पर जनता के लिए कोई काम न करने का आरोप भी लगाया।

जिले के मुस्लिम लीग नेताओं ने कहा कि इरशाद की पार्टी सदस्यता निलंबित कर दी गई है और उन्हें आईयूएमएल के कायमकुलम निर्वाचन क्षेत्र के अध्यक्ष पद से भी हटा दिया गया है।

उन्होंने बताया कि आईयूएमएल जिला सचिव एच बशीर को अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने इन टिप्पणियों की निंदा करते हुए इन्हें ‘महिला विरोधी और अपमानजनक’ बताया।

विजयन ने कहा कि किसी महिला पर सिर्फ इसलिए ‘अपमानजनक’ शब्दों से हमला करना क्योंकि वह एक लोक सेवक है यह ‘राजनीतिक संस्कृति का पतन’ दर्शाता है।

कायमकुलम से चुनाव लड़ रहे कांग्रेस नेता एम लिजू ने इन टिप्पणियों पर खेद जताया था और मौजूदा विधायक से माफी मांगी थी।

प्रतिभा और माकपा ने कहा है कि जल्द ही निर्वाचन आयोग और पुलिस में इरशाद के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई जाएगी।

भाषा प्रचेता वैभव

वैभव