जम्मू-कश्मीर में जमात-ए-इस्लामी से जुड़े 58 स्कूलों का प्रबंधन सरकार ने अपने हाथ में लिया

जम्मू-कश्मीर में जमात-ए-इस्लामी से जुड़े 58 स्कूलों का प्रबंधन सरकार ने अपने हाथ में लिया

जम्मू-कश्मीर में जमात-ए-इस्लामी से जुड़े 58 स्कूलों का प्रबंधन सरकार ने अपने हाथ में लिया
Modified Date: April 18, 2026 / 11:24 pm IST
Published Date: April 18, 2026 11:24 pm IST

श्रीनगर, 18 अप्रैल (भाषा) जम्मू-कश्मीर सरकार ने शनिवार को घाटी में प्रतिबंधित संगठन जमात-ए-इस्लामी (जेईआई) से जुड़े 58 स्कूलों का प्रबंधन अपने हाथ में ले लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, ये स्कूल सीधे या परोक्ष रूप से जमात-ए-इस्लामी के फलाह-ए-आम ट्रस्ट (एफएटी) से संबद्ध थे।

इस संबंध में एक अधिकारी ने कहा, ‘‘सरकार ने शनिवार को घाटी के विभिन्न हिस्सों में स्थित 58 एफएटी स्कूलों का प्रबंधन अपने नियंत्रण में ले लिया।’’

इससे पहले, सरकार ने पिछले वर्ष अगस्त में घाटी के 10 जिलों में जमात-ए-इस्लामी से संबद्ध 215 स्कूलों का प्रबंधन अपने हाथ में लिया था।

अधिकारियों ने बताया कि जिला प्रशासन और पुलिस की टीमों ने इन स्कूलों का दौरा कर प्रबंधन अपने कब्जे में लिया।

सरकार ने तब कहा था कि ऐसे स्कूलों की प्रबंधन समितियों का कार्यभार संबंधित जिलाधिकारी या उपायुक्त संभालेंगे और उचित सत्यापन के बाद नयी प्रबंधन समितियां गठित की जाएंगी।

गृह मंत्रालय ने 28 फरवरी 2019 और फिर 27 फरवरी 2024 को जमात-ए-इस्लामी को गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम के तहत प्रतिबंधित संगठन घोषित किया था।

खुफिया एजेंसियों ने ऐसे कई स्कूलों की पहचान की थी, जो सीधे या परोक्ष रूप से जेईआई या उसके फलाह-ए-आम ट्रस्ट से जुड़े थे।

सरकार ने कहा था कि इन स्कूलों की प्रबंधन समितियों की वैधता समाप्त हो चुकी थी और खुफिया एजेंसियों ने इनके बारे में प्रतिकूल रिपोर्ट दी थी। सरकार ने यह भी कहा कि इन संस्थानों का प्रबंधन अपने हाथ में लेने का निर्णय छात्रों के शैक्षणिक भविष्य की सुरक्षा के उद्देश्य से लिया गया है।

भाषा रवि कांत रवि कांत नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में