जम्मू-कश्मीर: सेना बर्फ से ढके एक गांव में बीमार महिला की मदद के लिए पहुंची

Ads

जम्मू-कश्मीर: सेना बर्फ से ढके एक गांव में बीमार महिला की मदद के लिए पहुंची

  •  
  • Publish Date - January 28, 2026 / 08:35 PM IST,
    Updated On - January 28, 2026 / 08:35 PM IST

जम्मू, 28 जनवरी (भाषा) जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले के एक दूरस्थ, बर्फ से ढके गांव में सेना के जवानों ने प्रसव पीड़ा के बाद की कुछ समस्याओं से पीड़ित 24 वर्षीय महिला को आपातकालीन चिकित्सा सहायता सफलतापूर्वक प्रदान की। रक्षा प्रवक्ता ने बुधवार को यह जानकारी दी।

प्रवक्ता ने बताया कि दीदी बेगर में भारी बर्फबारी के कारण, लट्टी स्थित निकटतम अस्पताल, आयुष्मान आरोग्य मंदिर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की ओर जाने वाली सभी सड़कें अवरुद्ध हो गईं, जिससे तत्काल निकासी बाधित हुई और मरीज आशु की जान को गंभीर खतरा पैदा हो गया।

उन्होंने कहा कि आपातकालीन अपील के जवाब में, सेना ने तेजी से संसाधनों को जुटाया और प्रतिकूल मौसम के बावजूद दो डॉक्टरों को भेजा।

उन्होंने बताया कि मरीज की हालत स्थिर करने में सहायता के लिए एक नर्सिंग सहायक को भी मौके पर तैनात किया गया था।

उन्होंने कहा कि तुरंत चिकित्सा सहायता प्रदान की गयी जिससे रक्तस्राव को प्रभावी ढंग से नियंत्रित किया गया और आशु की स्थिति स्थिर हो गई।

प्रवक्ता ने कहा कि नागरिक प्रशासन और संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करने से अवरुद्ध सड़क को साफ करने में सफलता मिली।

उन्होंने बताया कि सड़क पूरी तरह साफ हो जाने के बाद, मरीज को त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) की देखरेख में लट्टी के अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।

प्रवक्ता ने कहा, ‘यह अभियान चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में जीवन रक्षक सहायता प्रदान करने और स्थानीय आबादी की भलाई सुनिश्चित करने के लिए सेना की प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है।’

भाषा तान्या नरेश

नरेश