बजट सत्र के सफल संचालन के बाद जम्मू-कश्मीर विधानसभा अनिश्चितकाल के लिए स्थगित

Ads

बजट सत्र के सफल संचालन के बाद जम्मू-कश्मीर विधानसभा अनिश्चितकाल के लिए स्थगित

  •  
  • Publish Date - April 4, 2026 / 08:51 PM IST,
    Updated On - April 4, 2026 / 08:51 PM IST

जम्मू, चार अप्रैल (भाषा) जम्मू-कश्मीर विधानसभा के अध्यक्ष अब्दुल रहीम राथर ने बजट सत्र के सफल संचालन के बाद शनिवार को विधानसभा को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया। फरवरी, मार्च और अप्रैल में संचालित बजट सत्र के दौरान कुल 22 बैठकें हुई।

इस बीच, जम्मू-कश्मीर विधानसभा ने केंद्र शासित प्रदेश में निजी शिक्षण संस्थानों की स्थापना और पंजीकरण से संबंधित निजी विश्वविद्यालय विधेयक को शनिवार को पारित किया।

शिक्षा मंत्री सकीना इटू द्वारा पेश विधेयक में कहा गया है कि इसका उद्देश्य जम्मू और कश्मीर में निजी विश्वविद्यालयों की स्थापना और पंजीकरण, उनके संचालन, प्रबंधन व शैक्षणिक मानकों को नियंत्रित करना, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व छात्रों का हित सुनिश्चित करना है।

जम्मू-कश्मीर विधानसभा का सत्र दो फरवरी को शुरू हुआ था, जिसमें मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने छह फरवरी को बजट पेश किया। सदन ने 20 फरवरी तक विस्तृत चर्चा के बाद विभिन्न विभागों के लिए अनुदान पारित किए। इसके बाद पांच सप्ताह का अवकाश रहा और बजट सत्र 27 मार्च को पुनः शुरू हुआ।

विधानसभाध्यक्ष ने कहा कि विधानसभा ने कुल 22 बैठकें आयोजित कीं। गुजरात (23 बजट बैठक) के बाद बैठकों की यह दूसरी सबसे अधिक संख्या है।

विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि इस सत्र के दौरान विधानसभा ने कुल 6,636 मिनट (110.6 घंटे) काम किया। उन्होंने कहा कि आठ सरकारी विधेयक प्रस्तुत किए गए, सभी को पेश कर पारित किया गया। इसके अलावा 25 पेपर और एक अध्यादेश प्रस्तुत किया गया।

भाषा

राखी पवनेश

पवनेश