जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ में रतले बिजली परियोजना के शेड भूस्खलन की चपेट में आए, पांच लोग बचाए गए
जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ में रतले बिजली परियोजना के शेड भूस्खलन की चपेट में आए, पांच लोग बचाए गए
जम्मू, चार सितंबर (भाषा) जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में रतले बिजली परियोजना के अस्थायी शेड भूस्खलन की चपेट में आ गए, जिसके बाद प्रशासन ने बृहस्पतिवार को त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को सुरक्षित वहां से बाहर निकाला। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि घटना द्रबशाला इलाके में हुई जब रतले बिजली परियोजना के अंतर्गत शौचालयों के लिए बने टिन शेड भूस्खलन की चपेट में आ गए। उन्होंने बताया कि अंदर फंसे पांच लोगों को बचा लिया गया और उनमें से तीन को डोडा के सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अभियान की निगरानी कर रहे किश्तवाड़ के उपायुक्त पंकज शर्मा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि सभी लोग सुरक्षित हैं।
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया कि उन्होंने इस घटना के संबंध में किश्तवाड़ के उपायुक्त पंकज शर्मा से बात की है।
सिंह ने कहा, ‘‘त्वरित कार्रवाई करने और द्रबशाला इलाके में रतले बिजली परियोजना में भूस्खलन की चपेट में आए लगभग पांच लोगों को बचाने के लिए जिला प्रशासन की निश्चित रूप से सराहना की जानी चाहिए।’’
उन्होंने बताया कि बचाए गए लोग घायल हैं लेकिन सुरक्षित हैं और उन्हें आवश्यक चिकित्सा उपचार के साथ ही अन्य सभी आवश्यक सहायता भी दी जा रही है।
भाषा सुरभि मनीषा
मनीषा

Facebook


