बनिहाल/जम्मू, 13 अप्रैल (भाषा) जम्मू कश्मीर के रामबन जिले में अज्ञात हमलावरों के एक समूह द्वारा कथित तौर पर हमला किए जाने के बाद लापता हुए व्यक्ति के संबंध में जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
वह व्यक्ति अपने साथ मवेशियों को ले जा रहा था और अज्ञात हमलावारों द्वारा उसका पीछा किए जाने तथा हमला करने के कारण उसके नाले में गिरने का संदेह है।
इस मामले में चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है, वहीं लापता व्यक्ति के परिजनों समेत सैकड़ों स्थानीय लोगों ने मकरकूट में घटना स्थल के पास जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को अवरुद्ध कर दिया। सड़क के दोनों ओर कई वाहन फंसे हुए दिखाई दिए।
बनिहाल के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) सुरिंदर सिंह बिलोरिया ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों की पहचान सुरजीत सिंह, संदीप सिंह, दिग्विजय सिंह और केवल सिंह के रूप में हुई है तथा मामला दर्ज कर लिया गया है।
प्रदर्शनकारियों को शांत करने और राजमार्ग के अवरुद्ध हिस्से को खोलने के प्रयास जारी रहे। एहतियात के तौर पर अधिकारियों ने बनिहाल और रामसू में मोबाइल इंटरनेट की गति को भी धीमा कर दिया।
इस बीच, अधिकारियों ने बताया कि नाला बिश्लारी में लापता व्यक्ति की तलाश कर रहे बचाव दल में दूसरे दिन राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की एक टीम शामिल हो गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि उखराल तहसील के मुंडखाल पोगल निवासी तनवीर अहमद चोपान अपने साथ एक दुधारू गाय और दो बछड़ों को लेकर एक पिकअप ट्रक में जम्मू से अपने गांव की ओर जा रहे थे। स्थानीय लोगों का दावा है कि रास्ते में अज्ञात गो रक्षकों ने तनवीर का कथित तौर पर पीछा किया और उनपर हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खुद की जान बचाने की कोशिश करते हुए चोपान ने पास में ही बिश्लारी नाले में छलांग लगा दी। इस घटना से इलाके में व्यापक आक्रोश और तनाव पैदा हो गया।
रामबन के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुजीब उर रहमान और एसडीपीओ चौधरी मौके पर विरोध प्रदर्शन कर रहे प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश कर रहे थे।
यह लोग पांच घंटे से अधिक समय से प्रदर्शन कर रहे थे। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिये अतिरिक्त पुलिस बलों को तैनात किया गया है।
नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के विधायक सज्जाद शाहीन ने घटना की निंदा करते हुए कहा, ‘‘इस तरह के बर्बर कृत्यों का सभ्य समाज में कोई स्थान नहीं है और ये हमारे शांतिपूर्ण रामबन जिले में बड़ी मेहनत से हासिल की गई शांति और सद्भाव को भंग करने का सीधा प्रयास प्रतीत होते हैं।’’
उन्होंने समयबद्ध निष्पक्ष जांच किए जाने की मांग की।
रामबन के विधायक अर्जुन सिंह राजू और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विकार रसूल वानी ने भी इस घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए गहन जांच और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की।
व्यापार मंडल बनिहाल के अध्यक्ष शादाब वानी ने इस घटना के विरोध में अपनी एक दिवसीय हड़ताल को यह कहते हुए स्थगित कर दिया कि पुलिस ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
भाषा यासिर प्रशांत
प्रशांत